Betul Parshuram Jayanti : बैतूल। भगवान परशुराम जन्मोत्सव के अवसर पर शनिवार शाम शहर में भव्य शोभायात्रा निकाली गई। यह शोभायात्रा कोठी बाजार स्थित दुर्गा मंदिर प्रांगण से प्रारंभ होकर लगभग दो किलोमीटर का सफर तय करते हुए गंज माता मंदिर (अग्रवाल पेट्रोल पंप के पास) पर संपन्न हुई।
शोभायात्रा में ब्राह्मण समाज के लोगों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। महिलाओं की भी उल्लेखनीय भागीदारी रही। यात्रा के दौरान युवा भगवान परशुराम की आकर्षक झांकियों में सजे नजर आए, जो लोगों के आकर्षण का केंद्र बनी रहीं।
मार्ग में विभिन्न स्थानों पर समाजजनों और नागरिकों ने पुष्प वर्षा कर शोभायात्रा का स्वागत किया। पूरे रास्ते जयकारों और भक्ति गीतों से वातावरण भक्तिमय बना रहा।
गंज माता मंदिर पहुंचकर भगवान परशुराम की विधि-विधान से पूजा-अर्चना और आरती की गई। इसके पश्चात भंडारे का आयोजन हुआ, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया।
इस अवसर पर नरेंद्र शुक्ला, सुनील द्विवेदी, प्रिंस शर्मा, अनुराग मिश्रा, अशोक सायरे, राकेश त्रिवेदी, धीरज मिश्रा, विकास मिश्रा, मनीष मिश्रा और ॐ द्विवेदी सहित समाज के अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।






