Betul Crime News : बैतूल। जिले के घोड़ाडोंगरी क्षेत्र में एकतरफा प्यार में आहत होकर एक युवक ने खुद को चाकू मार लिया। गंभीर रूप से घायल युवक को उपचार के लिए पहले जिला अस्पताल बैतूल लाया गया, जहां से उसकी हालत नाजुक होने पर बेहतर इलाज के लिए भोपाल रेफर कर दिया गया।
जानकारी के अनुसार घोड़ाडोंगरी निवासी 26 वर्षीय राकेश कुमार एक होटल में काम करता है। मंगलवार सुबह उसने मानसिक तनाव के चलते अपने पेट में चाकू से दो वार कर लिए, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया।
घटना के बाद परिजनों ने उसे तुरंत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र घोड़ाडोंगरी पहुंचाया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए उसे जिला अस्पताल बैतूल रेफर कर दिया।
जिला अस्पताल से भोपाल रेफर
जिला अस्पताल में इलाज के दौरान भी युवक की हालत गंभीर बनी रही। डॉक्टरों ने बेहतर इलाज के लिए उसे भोपाल रेफर कर दिया, जहां फिलहाल उसका उपचार जारी है।
प्रेम प्रसंग से आहत था युवक
घायल युवक ने बताया कि वह एक युवती से प्रेम करता था। युवती ने पहले उसके प्रेम प्रस्ताव को स्वीकार किया था, लेकिन बाद में इनकार कर दिया। इसी बात से आहत होकर उसने यह आत्मघाती कदम उठा लिया।
पुलिस कर रही जांच
मामले की जानकारी मिलने के बाद पुलिस ने घटना का संज्ञान लेते हुए जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।






