Betul Crime News : बैतूल। गंज थाना क्षेत्र में एक नाबालिग बालिका को आत्महत्या के लिए उकसाने के मामले में पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी को न्यायालय में पेश कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
जहर सेवन से हुई थी नाबालिग की मौत
पुलिस के अनुसार 20 फरवरी 2026 को एक फरियादी ने गंज थाने में सूचना दी थी कि उसकी नाबालिग बेटी ने जहर का सेवन कर लिया है। जहर खाने से उसकी हालत गंभीर हो गई थी और बाद में उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। सूचना मिलने के बाद पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी।
जांच में सामने आई प्रताड़ना
पुलिस ने परिजनों के बयान लिए और आसपास के लोगों से पूछताछ की। जांच के दौरान यह सामने आया कि सिवनपाठ निवासी प्रवीण पिता शिवलाल बराहे नाबालिग बालिका को लगातार मानसिक रूप से प्रताड़ित कर रहा था। आरोपी कई बार सीधे तौर पर उसे परेशान करता था और उसके साथ अभद्र व्यवहार भी करता था।
व्हाट्सएप पर भेजता था गाली-गलौच
जांच में यह भी सामने आया कि आरोपी व्हाट्सएप संदेशों के माध्यम से बालिका को गाली-गलौच और अपमानजनक संदेश भेजता था। लगातार मिल रही प्रताड़ना से बालिका मानसिक रूप से काफी परेशान रहने लगी थी। पुलिस के अनुसार इसी मानसिक दबाव से तंग आकर उसने जहर खाकर आत्महत्या कर ली।
बीएनएस की धारा 107 में दर्ज हुआ मामला
मामले की जांच के बाद पुलिस ने आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 107 के तहत अपराध दर्ज किया और उसकी तलाश शुरू की।
पुलिस टीम ने आरोपी को किया गिरफ्तार
पुलिस अधीक्षक वीरेंद्र जैन के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कमला जोशी और एसडीओपी सुनील लाटा के मार्गदर्शन में गंज थाना प्रभारी निरीक्षक नीरज पाल के नेतृत्व में पुलिस टीम ने आरोपी प्रवीण बराहे को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी के बाद उसे न्यायालय में पेश किया गया है।
पुलिस टीम की रही अहम भूमिका
इस कार्रवाई में उपनिरीक्षक राज पहाड़े, प्रधान आरक्षक हितुलाल, प्रधान आरक्षक मंतराम, प्रधान आरक्षक संदीप, आरक्षक गजेंद्र, आरक्षक सुरजीत और आरक्षक नरेंद्र की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
पुलिस की अपील
पुलिस अधीक्षक ने नागरिकों से अपील की है कि यदि किसी को सोशल मीडिया या मोबाइल संदेशों के माध्यम से प्रताड़ना या धमकी मिलती है तो तुरंत पुलिस को सूचना दें, ताकि समय रहते कार्रवाई कर गंभीर घटनाओं को रोका जा सके।






