Betul Education News : बैतूल एक्सीलेंस स्कूल में बोर्ड कॉपियों का तेजी से मूल्यांकन, 74 हजार से अधिक उत्तर पुस्तिकाएं जांची

On: March 16, 2026 9:50 AM
Follow Us:

Betul Education News : बैतूल। माध्यमिक शिक्षा मंडल की हाईस्कूल और हायर सेकेंडरी बोर्ड परीक्षाओं की उत्तर पुस्तिकाओं का मूल्यांकन बैतूल के एक्सीलेंस स्कूल स्थित मूल्यांकन केंद्र पर तेजी से जारी है। यहां अब तक 74 हजार से अधिक कॉपियों की जांच पूरी कर ली गई है। निर्धारित 30 मार्च की समय सीमा को पूरा करने के लिए शिक्षक प्रतिदिन लगभग 6 घंटे तक कॉपियां जांचने में जुटे हुए हैं।

मूल्यांकन केंद्र पर कॉपियों की जांच से पहले डिकोडिंग प्रक्रिया पूरी की जाती है, इसके बाद ही उत्तर पुस्तिकाएं मूल्यांकनकर्ताओं को जांच के लिए सौंपी जाती हैं।

प्रतिदिन 45 से 60 कॉपियां जांचने का लक्ष्य
मूल्यांकन कार्य में लगे प्रत्येक परीक्षक को प्रतिदिन 45 से 60 कॉपियां जांचने का लक्ष्य दिया गया है। प्रति कॉपी जांचने पर उन्हें 15 से 16 रुपये का मानदेय दिया जाता है। शिक्षक प्रतिदिन लगभग 6 घंटे तक लगातार कॉपियों का मूल्यांकन कर रहे हैं ताकि निर्धारित समय में कार्य पूरा किया जा सके।

हायर सेकेंडरी की 44 हजार से अधिक कॉपियां जांची
वैल्यूएशन प्रभारी सत्येंद्र उदयपुरे के अनुसार 15 मार्च तक हायर सेकेंडरी के 18 विषयों की कुल 60,565 कॉपियां मूल्यांकन केंद्र पर प्राप्त हुई हैं। इनमें से 125 मूल्यांकनकर्ताओं ने अब तक 44,346 कॉपियों की जांच पूरी कर ली है।

हाईस्कूल की 30 हजार से ज्यादा कॉपियों का मूल्यांकन
इसी प्रकार हाईस्कूल के 6 विषयों की 55,913 कॉपियां प्राप्त हुई हैं। इनमें से 173 मूल्यांकनकर्ताओं द्वारा अब तक 30,353 कॉपियों का मूल्यांकन किया जा चुका है।

इस तरह हाईस्कूल और हायर सेकेंडरी दोनों मिलाकर अब तक कुल 74,699 कॉपियों की जांच पूरी की जा चुकी है।

14 या 15 अप्रैल तक आ सकता है परीक्षा परिणाम
जानकारी के अनुसार यदि बोर्ड परीक्षा का परिणाम 14 या 15 अप्रैल तक घोषित हो जाता है तो विद्यार्थियों को काफी राहत मिलेगी। इससे अनुत्तीर्ण, पूरक या श्रेणी सुधार परीक्षा देने वाले विद्यार्थियों को तैयारी के लिए करीब 20 दिन का समय मिल सकेगा। फिलहाल मूल्यांकन केंद्र पर शिक्षक 30 मार्च तक मूल्यांकन कार्य पूरा करने के लक्ष्य के साथ लगातार जुटे हुए हैं।

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now

Leave a Comment