Betul Suicide News : खेत के कुएं में कूदकर युवक ने दी जान, बचाने उतरा चचेरा भाई बाल-बाल बचा

On: March 12, 2026 10:52 AM
Follow Us:

Betul Suicide News : बैतूल जिले के पाढर पुलिस चौकी क्षेत्र के ग्राम घाना में गुरुवार सुबह एक 21 वर्षीय युवक ने खेत में बने कुएं में कूदकर आत्महत्या कर ली। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और ग्रामीणों की मदद से शव को कुएं से बाहर निकालकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेजा। बाद में शव परिजनों को सौंप दिया गया है।

जानकारी के अनुसार ग्राम घाना निवासी 21 वर्षीय सुरेश पिता दिनेश कुमरे गुरुवार सुबह करीब 9 बजे अपने खेत की ओर गया था। इसी दौरान उसने खेत में बने कुएं में छलांग लगा दी। उस समय उसका चचेरा भाई अनिल भी खेत में काम कर रहा था।

बचाने के लिए कुएं में उतरा चचेरा भाई

कुएं से आवाज सुनकर अनिल मौके पर पहुंचा और देखा कि सुरेश कुएं में गिर चुका है। उसे बचाने के लिए अनिल ने अपनी कमर में रस्सी बांधी और खुद भी कुएं में उतर गया। हालांकि दोनों भाइयों को तैरना नहीं आता था। काफी मशक्कत के बाद अनिल किसी तरह कुएं से बाहर निकलने में सफल रहा और उसने तुरंत परिजनों को घटना की सूचना दी।

ग्रामीणों की मदद से निकाला गया शव

घटना की जानकारी मिलते ही डायल 112 और स्थानीय पुलिस टीम मौके पर पहुंच गई। ग्रामीणों की मदद से सुरेश को कुएं से बाहर निकाला गया, लेकिन तब तक पानी में डूबने से उसकी मौत हो चुकी थी। पुलिस ने मौके पर पंचनामा कार्रवाई पूरी कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

बचपन से मानसिक रूप से कमजोर था युवक

परिजनों के अनुसार सुरेश दो भाइयों में सबसे बड़ा था। उसकी मां का निधन बचपन में ही हो गया था, जबकि करीब 10 वर्ष पहले उसके पिता भी घर छोड़कर चले गए थे। उसका छोटा भाई बेंगलुरु में मजदूरी करता है। सुरेश भी मजदूरी करके अपना जीवन यापन करता था। परिजनों का कहना है कि वह बचपन से ही मानसिक रूप से कमजोर था।

पुलिस ने मामले में मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है।

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now

Leave a Comment