Multai Fire News : मुलताई। दुनावा चौकी क्षेत्र के डोब गांव में बुधवार दोपहर खेत में रखे मक्के के कड़वे (पशु चारा) में अचानक आग लग गई। आग की इस घटना में करीब 50 हजार रुपए का नुकसान हुआ। सूचना मिलने पर मुलताई नगर परिषद की दमकल टीम मौके पर पहुंची और करीब आधे घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया।
जानकारी के अनुसार डोब निवासी मनाराम बारंगे के खेत में पशुओं के चारे के लिए मक्के का कड़वा रखा हुआ था। बुधवार दोपहर करीब 1 बजे अचानक उसमें आग भड़क उठी। देखते ही देखते आग तेजी से फैलने लगी और खेत से धुआं उठने लगा। आसपास मौजूद किसानों ने शुरुआत में अपने स्तर पर आग बुझाने का प्रयास किया।
दमकल ने समय रहते पाया काबू
आग बढ़ती देख ग्रामीणों ने तुरंत दमकल विभाग को सूचना दी। सूचना मिलते ही मुलताई से दमकल वाहन तत्काल मौके पर पहुंचा। दमकल कर्मियों ने ग्रामीणों की मदद से आग बुझाने का कार्य शुरू किया। दमकल कर्मचारी राकेश पवार और गिरीश पिपले ने आग पर काबू पाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
करीब आधे घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग को पूरी तरह बुझा दिया गया, जिससे आग आसपास के खेतों तक फैलने से बच गई। हालांकि आग में मक्के का कड़वा पूरी तरह जलकर खाक हो गया।

आग लगने का कारण स्पष्ट नहीं
आग लगने का कारण फिलहाल स्पष्ट नहीं हो पाया है। आशंका जताई जा रही है कि तेज गर्मी या किसी चिंगारी के कारण आग लगी हो सकती है। ग्रामीणों ने समय पर पहुंचकर आग पर काबू पाने के लिए दमकल दल की त्वरित कार्रवाई की सराहना की है। प्रशासन भी आग लगने के कारणों की जानकारी जुटा रहा है।






