Betul News : बैतूल। जिला अस्पताल में जल्द ही आधुनिक सुविधाओं से युक्त नया मर्चुरी भवन बनाया जाएगा। क्षेत्रीय विधायक हेमंत खंडेलवाल ने अस्पताल परिसर में मौजूद पुराने और जर्जर मर्चुरी भवन की स्थिति का निरीक्षण करने के बाद नए भवन के निर्माण के निर्देश दिए हैं।
बताया जा रहा है कि अस्पताल परिसर में बना मौजूदा मर्चुरी भवन करीब 20 साल पुराना है और अब काफी खस्ताहाल हो चुका है। भवन की दीवारों का प्लास्टर झड़ रहा है और कई स्थानों पर दरारें भी आ गई हैं। ऐसे में यहां काम करने वाले कर्मचारियों के साथ ही शव लेकर आने वाले परिजनों को भी कई तरह की परेशानियों का सामना करना पड़ता है।
सीमित फ्रीजर से बढ़ता है दबाव
जिला अस्पताल में फिलहाल दो फ्रीजर उपलब्ध हैं, जिनमें कुल चार शव रखने की क्षमता है। जबकि यहां हर महीने औसतन करीब 50 पोस्टमार्टम किए जाते हैं। कई बार एक ही दिन में पांच से छह पोस्टमार्टम तक होने की स्थिति बन जाती है, जिससे शवों को सुरक्षित रखने की व्यवस्था पर दबाव बढ़ जाता है।
नई मर्चुरी में बढ़ेंगी सुविधाएं
प्रस्तावित नई मर्चुरी में वर्तमान सुविधाओं का विस्तार किया जाएगा। मौजूदा दो फ्रीजर के अलावा एक बड़ा फ्रीजर और लगाया जाएगा, जिससे कुल दो अतिरिक्त फ्रीजर बढ़ जाएंगे और शव रखने की क्षमता बढ़कर छह तक हो जाएगी। इसके साथ ही शवों के संरक्षण के लिए बेहतर कोल्ड स्टोरेज, सुरक्षित पोस्टमार्टम कक्ष और कर्मचारियों के लिए आधुनिक कार्यस्थल की व्यवस्था भी की जाएगी।
लगभग 40 लाख रुपये आएगी लागत
सिविल सर्जन डॉ. जगदीश घोरे ने बताया कि मर्चुरी भवन का एस्टीमेट तैयार कराया जा रहा है और इसके लिए लोक निर्माण विभाग के कार्यपालन यंत्री को पत्र भेजा गया है। प्रस्ताव को साधारण सभा की बैठक में भी रखा जाएगा।
पीडब्ल्यूडी सूत्रों के अनुसार प्रस्तावित भवन के निर्माण पर लगभग 40 लाख रुपये की लागत आएगी। इसमें आवश्यक राशि विधायक निधि से उपलब्ध कराई जाएगी, जबकि शेष राशि रोगी कल्याण समिति के माध्यम से खर्च की जाएगी।
अस्पताल परिसर में ही बनेगा नया भवन
अस्पताल सूत्रों के मुताबिक नया मर्चुरी भवन वर्तमान भवन के पास खाली पड़ी जमीन पर बनाया जा सकता है। इससे डॉक्टरों और फॉरेंसिक टीम को पोस्टमार्टम कार्य में सुविधा मिलेगी। नई व्यवस्था लागू होने के बाद पोस्टमार्टम प्रक्रिया अधिक व्यवस्थित और सुरक्षित हो सकेगी, साथ ही शवों के संरक्षण की बेहतर व्यवस्था भी उपलब्ध हो पाएगी।






