मदुरै–कानपुर सेंट्रल स्पेशल ट्रेन के सामने कूदकर युवक ने दी जान, पहचान में जुटी पुलिस
Betul Accident News : बैतूल। जिले के मलकापुर रेलवे स्टेशन पर बीती रात एक हृदयविदारक घटना सामने आई, जहां एक अज्ञात युवक ने ट्रेन के सामने कूदकर आत्महत्या कर ली। घटना उस समय हुई जब Madurai–Kanpur Central Special स्टेशन से गुजर रही थी।
प्रत्यक्षदर्शियों और ट्रेन चालक के अनुसार युवक अचानक पटरी पर आ गया, जिससे वह ट्रेन की चपेट में आ गया। टक्कर इतनी भीषण थी कि उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
प्लेटफॉर्म नंबर 1 के पास हुआ हादसा
जानकारी के मुताबिक यह घटना प्लेटफॉर्म क्रमांक 1 के पास किलोमीटर संख्या 858/3 से 858/1 के बीच हुई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और पंचनामा कार्रवाई कर मर्ग कायम करते हुए जांच शुरू कर दी।
मृतक की उम्र लगभग 30 से 35 वर्ष के बीच बताई जा रही है। फिलहाल उसकी पहचान नहीं हो सकी है।
पहचान के लिए खास निशान
पुलिस के अनुसार मृतक ने काले रंग की हाफ शर्ट और नीली जींस पहन रखी थी। उसके बाएं हाथ पर अंग्रेजी में “MS” अक्षर गुदा हुआ है। दाहिने हाथ की अनामिका उंगली में पीले रंग की अंगूठी भी मिली है। इन विशेष पहचान चिह्नों के आधार पर युवक की शिनाख्त कराने का प्रयास किया जा रहा है।
शव मर्चरी में सुरक्षित
पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भिजवाया है। फिलहाल शव अस्पताल की मर्चरी में सुरक्षित रखा गया है। आसपास के थानों से गुमशुदा युवकों की जानकारी जुटाई जा रही है। स्थानीय पुलिस मृतक के परिजनों की तलाश में जुटी हुई है।
पुलिस का कहना है कि पहचान होने के बाद ही घटना के कारणों का स्पष्ट खुलासा हो सकेगा।






