New Transport Policy MP : भोपाल/बैतूल। मध्य प्रदेश में 2 मार्च को प्रस्तावित बस हड़ताल ऐन वक्त पर टल गई। देर रात मुख्यमंत्री Mohan Yadav से हुई अहम बैठक के बाद Madhya Pradesh Bus Owners Association और Prime Route Bus Owners Association ने हड़ताल वापस लेने की घोषणा कर दी
नई परिवहन नीति पर था विरोध
दोनों संगठनों ने राज्य सरकार की नई परिवहन नीति तथा दिसंबर 2025 और जनवरी 2026 में जारी दो राजपत्रों पर आपत्ति जताई थी। बस मालिकों की मांग थी कि इन राजपत्रों को निरस्त कर नीति पर दोबारा विचार किया जाए। इसी मांग को लेकर 2 मार्च से प्रदेशव्यापी हड़ताल प्रस्तावित थी।
रंजीत रेवेन्यू होटल में हुई पहली बैठक
मुख्यमंत्री के निर्देश पर परिवहन सचिव मनीष सिंह ने बस मालिक संगठनों से तत्काल चर्चा शुरू की। 28 फरवरी की शाम भोपाल के Ranjit Revenue Hotel में पहले दौर की बैठक हुई, जिसमें प्रदेशभर से आए प्रतिनिधियों ने नई नीति का विरोध दर्ज कराया।
इसके बाद रात 9:30 बजे मुख्यमंत्री निवास पर मुख्य बैठक आयोजित की गई। बैठक में मुख्यमंत्री मोहन यादव, परिवहन सचिव मनीष सिंह और दोनों एसोसिएशनों के प्रतिनिधियों ने सभी बिंदुओं पर विस्तार से चर्चा की।
विवादित राजपत्र तत्काल प्रभाव से निरस्त
बैठक में मुख्यमंत्री ने 24 दिसंबर 2025 और जनवरी 2026 के दोनों विवादित राजपत्रों को तत्काल प्रभाव से निरस्त करने का निर्णय लिया। साथ ही नई परिवहन नीति पर आगे विचार के लिए एक कमेटी गठित करने के निर्देश दिए।
राजपत्र रद्द होने के बाद दोनों संगठनों के पदाधिकारियों ने मुख्यमंत्री का आभार जताया और 2 मार्च की प्रस्तावित हड़ताल वापस लेने की औपचारिक घोषणा की।
56 जिलों के प्रतिनिधि रहे मौजूद
इस अहम बैठक में प्रदेश के 56 जिलों से आए पदाधिकारी शामिल हुए। बैतूल में भी बस ऑपरेटरों ने मुख्यमंत्री के नाम कलेक्टर को ज्ञापन सौंपकर नई परिवहन नीति का विरोध किया था।
मुख्यमंत्री के फैसले के बाद अब प्रदेशभर सहित बैतूल जिले में बसों का संचालन सामान्य रूप से जारी रहेगा, जिससे यात्रियों ने भी राहत की सांस ली है।






