Betul Atikraman News : बैतूल। शहर की यातायात व्यवस्था सुधारने के लिए कोतवाली पुलिस ने सोमवार देर रात कोठी बाजार क्षेत्र में कार्रवाई करते हुए सड़क पर दुकान का सामान फैलाकर रास्ता बाधित करने वाले करीब 40 दुकानदारों के खिलाफ प्रकरण दर्ज किए। सभी के खिलाफ मध्यप्रदेश पुलिस अधिनियम की धारा 34 के तहत कार्रवाई की गई है।
थाना चौक से बस स्टैंड तक हुआ निरीक्षण
पुलिस अधीक्षक Virendra Jain के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक Kamla Joshi और एसडीओपी Sunil Lata के मार्गदर्शन में कोतवाली थाना प्रभारी Devkaran Deheriya ने पुलिस बल के साथ कोठी बाजार में थाना चौक से बस स्टैंड तक निरीक्षण किया।
जांच के दौरान कई दुकानदार अपनी दुकानों का सामान सड़क तक फैलाकर रखते पाए गए, जिससे यातायात प्रभावित हो रहा था। इस पर पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए करीब 40 दुकानदारों के खिलाफ प्रकरण दर्ज किए।
व्यापारियों से सहयोग की अपील
एसपी वीरेंद्र जैन ने शहर के व्यापारियों और नागरिकों से यातायात व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करने की अपील की है। उन्होंने कहा कि दुकानदार अपना सामान दुकान की सीमा के भीतर ही रखें और सड़क पर सामान या बोर्ड रखकर रास्ता बाधित न करें।
अतिक्रमण पर होगी सख्त कार्रवाई
एसपी ने कहा कि सड़क पर अतिक्रमण से लोगों को आने-जाने में परेशानी होती है और दुर्घटनाओं का खतरा भी बढ़ जाता है। यदि कोई भी व्यक्ति सड़क पर अतिक्रमण कर यातायात में बाधा उत्पन्न करता पाया गया तो उसके खिलाफ नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।






