Betul Mandi News : बैतूल मंडी में किसानों की समस्याओं पर प्रशासन सख्त, गेहूं सीजन में खुली ट्रॉली में होगी नीलामी

On: March 7, 2026 7:27 AM
Follow Us:

Betul Mandi News : बैतूल। कृषि उपज मंडी में किसानों को नीलामी, तौल और भुगतान से जुड़ी समस्याओं के बीच प्रशासन ने सख्ती दिखाई है। इन परेशानियों को दूर करने के लिए अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) एवं सह-भारसाधक अधिकारी की अध्यक्षता में मंडी के अधिकारियों और कर्मचारियों की आकस्मिक बैठक आयोजित की गई।

बैठक में एसडीएम ने मंडी प्रांगण में किसानों को होने वाली असुविधाओं को प्राथमिकता के आधार पर तत्काल दूर करने के निर्देश दिए। आगामी गेहूं सीजन को ध्यान में रखते हुए व्यवस्थाओं को और अधिक सुगम व पारदर्शी बनाने पर विशेष जोर दिया गया।

बैठक में निर्णय लिया गया कि गेहूं सीजन में किसानों की उपज की नीलामी अब खुली ट्रॉली में ही की जाएगी। मंडी स्टाफ को निर्देश दिए गए हैं कि नीलामी के तुरंत बाद प्लेट कांटे पर तुलाई की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए, ताकि किसानों को अनावश्यक इंतजार न करना पड़े।

प्रशासन ने नई व्यवस्था का व्यापक प्रचार-प्रसार करने के निर्देश दिए हैं, जिससे अधिक से अधिक किसान इसका लाभ उठा सकें। कृषि उपज मंडी समिति ने किसानों से अपील की है कि वे आगामी गेहूं सीजन में अपनी उपज खुली ट्रॉली में ही मंडी लेकर आएं। इससे नीलामी, तुलाई और शीघ्र भुगतान की प्रक्रिया ट्रॉली में ही पूरी हो सकेगी और किसानों का समय भी बचेगा।

उल्लेखनीय है कि बैतूल मंडी में तुलाई को लेकर लंबे समय से विवाद की स्थिति बनी हुई है। इस मुद्दे पर तुलैयों और व्यापारियों द्वारा हड़ताल भी की जा चुकी है। किसान लगातार शिकायत करते रहे हैं कि तुलाई के नाम पर उनसे अतिरिक्त पैसे मांगे जाते हैं। इन्हीं अव्यवस्थाओं को गंभीरता से लेते हुए प्रशासन ने बैठक बुलाकर सुधारात्मक निर्देश जारी किए हैं।

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now

Leave a Comment