Betul Crime News : बैतूल। जिले के शाहपुर थाना क्षेत्र में बेटे के लिए साइकिल खरीदने के पैसों को लेकर हुए विवाद में एक पति ने अपनी पत्नी की पीट-पीटकर हत्या कर दी। आरोपी ने हाथ-मुक्कों और बेल्ट से हमला कर महिला को गंभीर रूप से घायल कर दिया, जिससे उसकी मौत हो गई। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस के अनुसार घटना 4 मार्च की रात करीब 11 बजे ग्राम ढप्पा के खेड़ाढाना में हुई। आरोपी सुधाकर दरशिमा ने अपने बेटे कुनाल के लिए साइकिल खरीदने के लिए पत्नी कविता से पैसे मांगे थे। इसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद हो गया, जो देखते ही देखते मारपीट में बदल गया।
बेल्ट और मुक्कों से किया हमला
विवाद बढ़ने पर आरोपी ने कविता पर हाथ-मुक्कों और बेल्ट से हमला कर दिया। मारपीट के दौरान महिला के सिर के पीछे, चेहरे, पीठ और पैरों में गंभीर चोटें आईं। चोटों के कारण उसकी हालत बिगड़ती गई और बाद में उसकी मौत हो गई।
ननद की सूचना पर दर्ज हुआ मामला
थाना प्रभारी अरविंद कुमरे ने बताया कि मृतका के साथ 4 और 5 मार्च को मारपीट की गई थी। मृतका की ननद से मिली सूचना के बाद पुलिस ने मामले में एफआईआर दर्ज की। दंपति का एक बेटा है, जिसके लिए साइकिल खरीदने के पैसों को लेकर विवाद हुआ था।
आरोपी गिरफ्तार
घटना की जानकारी मिलने के बाद 6 मार्च को शाहपुर थाने में मामला दर्ज किया गया। पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर पंचनामा कार्रवाई की और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
पुलिस ने आरोपी सुधाकर दरशिमा के खिलाफ अपराध क्रमांक 101/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 103(1) में मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी को शनिवार को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।






