Betul Crime News : बेटे ने मां की गला दबाकर की हत्या, पोस्टमार्टम में खुला राज; आरोपी गिरफ्तार

On: March 6, 2026 10:50 AM
Follow Us:

Betul Crime News : बैतूल। रंगों के त्योहार के बीच बैतूल जिले के साईंखेड़ा थाना क्षेत्र के सेमझिरा गांव से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहां एक बेटे ने अपनी ही मां की गला दबाकर हत्या कर दी। घटना के बाद पूरे गांव में सनसनी फैल गई और शोक का माहौल है।

पुलिस के अनुसार सेमझिरा गांव निवासी गेंदीबाई बाघमारे (70) अपने बेटे लखन बाघमारे (35) के साथ रहती थीं। बताया जा रहा है कि लखन का स्वभाव झगड़ालू था और वह अक्सर घर में विवाद करता रहता था। घरेलू कलह के कारण उसकी पत्नी भी बच्चों को लेकर पहले ही मायके चली गई थी।

रात में हुआ था मां-बेटे के बीच विवाद
जानकारी के मुताबिक 2 मार्च की रात मां-बेटे के बीच किसी बात को लेकर विवाद हो गया। पड़ोसियों ने भी दोनों के बीच झगड़े की आवाजें सुनी थीं, लेकिन किसी को अंदाजा नहीं था कि यह विवाद इतना गंभीर रूप ले लेगा। आरोप है कि गुस्से में आकर लखन ने अपनी मां का गला दबा दिया, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई।

पोस्टमार्टम में हुआ हत्या का खुलासा
शुरुआत में महिला की मौत सामान्य लग रही थी, लेकिन घटना संदिग्ध होने के कारण पुलिस ने जांच शुरू की। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में खुलासा हुआ कि महिला की मौत गला दबाने से हुई है और उनकी गर्दन की हड्डी भी टूटी हुई पाई गई। इसके बाद पुलिस ने पड़ोसियों के बयान दर्ज किए।

जांच के दौरान सामने आया कि घटना की रात मां-बेटे के बीच झगड़ा हुआ था। इसी आधार पर पुलिस ने आरोपी लखन से पूछताछ की, जिसमें उसने अपना जुर्म कबूल कर लिया।

आरोपी बेटा गिरफ्तार
थाना प्रभारी राजन उईके ने बताया कि आरोपी लखन अक्सर पत्नी और बच्चों के साथ भी मारपीट करता था। घरेलू विवाद के चलते उसकी पत्नी पहले ही मायके चली गई थी। फिलहाल पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है और उसे न्यायालय में पेश किया जाएगा।

इस घटना के बाद पूरे सेमझिरा गांव में मातम पसरा हुआ है। ग्रामीणों का कहना है कि जिस मां ने बेटे को जन्म दिया, उसी बेटे के हाथों उसकी जान जाना बेहद दुखद और शर्मनाक है।

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now

Leave a Comment