Multai News : बैतूल/मुलताई। मुलताई स्थित शासकीय महाविद्यालय में छात्राओं की सुविधा के लिए जल्द ही नवीन गर्ल्स हॉस्टल का निर्माण किया जाएगा। इसके लिए शासन स्तर पर 5 करोड़ 52 लाख रुपए की राशि स्वीकृत की गई है। यह राशि उच्च शिक्षा, तकनीकी शिक्षा एवं आयुष मंत्री इंदर सिंह परमार ने क्षेत्रीय विधायक चंद्रशेखर देशमुख की पहल पर जारी की है।
ग्रामीण छात्राओं को मिलेगी सुरक्षित आवास सुविधा
मुलताई और आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों से बड़ी संख्या में छात्राएं उच्च शिक्षा के लिए शासकीय महाविद्यालय में अध्ययन करने आती हैं। छात्रावास की सुविधा नहीं होने के कारण अब तक उन्हें रोजाना लंबी दूरी तय कर कॉलेज आना पड़ता था या फिर निजी आवासों में रहना पड़ता था, जिससे कई तरह की समस्याओं का सामना करना पड़ता था। नए हॉस्टल के निर्माण से छात्राओं को कॉलेज परिसर में ही सुरक्षित और सुविधाजनक आवास उपलब्ध हो सकेगा।
विधायक की पहल पर मिली स्वीकृति
भाजपा मीडिया प्रभारी रामचरण मालवीय ने बताया कि उच्च शिक्षा मंत्री इंदर सिंह परमार ने पत्र के माध्यम से विधायक चंद्रशेखर देशमुख को इस वित्तीय स्वीकृति की जानकारी दी है। विधायक लगातार क्षेत्र में शिक्षा के बुनियादी ढांचे को मजबूत करने के लिए प्रयासरत थे, जिसके परिणामस्वरूप यह स्वीकृति मिली है।
पूर्व कार्यकाल में भी हुआ था विकास कार्य
मीडिया प्रभारी के अनुसार, विधायक चंद्रशेखर देशमुख ने अपने पूर्व कार्यकाल (2013-2018) में भी महाविद्यालय के विकास के लिए 6 करोड़ 38 लाख रुपए की राशि स्वीकृत कराई थी। उस बजट से कॉलेज परिसर में कई निर्माण कार्य पूरे किए गए थे।
गर्ल्स हॉस्टल की राशि स्वीकृत होने पर स्थानीय जनप्रतिनिधियों और नगर पालिका अध्यक्ष वर्षा गढ़ेकर ने मंत्री और विधायक के प्रति आभार व्यक्त किया है।






