Multai Crime News : मुलताई। थाना क्षेत्र में एक 10 वर्षीय मासूम बच्ची से दुष्कर्म का गंभीर मामला सामने आया है। आरोप है कि वारदात को बच्ची के सौतेले पिता ने अंजाम दिया। पुलिस ने शुक्रवार को आरोपी को अभिरक्षा में लिया, लेकिन हिरासत के दौरान उसने लॉकअप में फांसी लगाने की कोशिश की।
लॉकअप में फांसी लगाने की कोशिश
पुलिस अधीक्षक Virendra Kumar Jain ने बताया कि दोपहर 12:51 बजे आरोपी ने लॉकअप के अंदर कंबल का किनारा फाड़कर फांसी लगा ली। ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों ने तत्काल उसे नीचे उतारा और अस्पताल में भर्ती कराया। प्राथमिक उपचार के बाद उसे Betul जिला अस्पताल रेफर किया गया, जहां उसका उपचार जारी है। फिलहाल आरोपी बेहोश बताया जा रहा है।
एसपी के अनुसार, दोपहर 12:45 बजे आरोपी को भोजन दिया गया था, लेकिन उसने भोजन नहीं किया था।
नशे में वारदात को दिया अंजाम
थाना प्रभारी नरेंद्र सिंह परिहार ने बताया कि पीड़िता कक्षा पांचवीं की छात्रा है। घटना गुरुवार रात की है, जब आरोपी शराब के नशे में घर पहुंचा। आरोप है कि नशे की हालत में उसने बच्ची के साथ दुष्कर्म किया।

मां ने रंगे हाथों पकड़ा
घटना के दौरान बच्ची की मां ने आरोपी को रंगे हाथों पकड़ लिया। उन्होंने तुरंत बच्ची को आरोपी से अलग किया और बिना देरी किए थाने पहुंचकर अपने पति के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में प्रकरण दर्ज कर उसे हिरासत में ले लिया।
पहले भी की थी शिकायत
जानकारी के मुताबिक, बच्ची ने पहले भी अपनी मां से शिकायत की थी कि उसका सौतेला पिता उसे परेशान करता है, लेकिन उस समय इस बात को गंभीरता से नहीं लिया गया। गुरुवार को जब मां घर के बाहर थी, उसी दौरान आरोपी ने नशे की हालत में वारदात को अंजाम दिया।
पुलिस मामले की जांच में जुटी है






