Betul ki Khabar : बैतूल के चोपना बाजार में अतिक्रमण पर चला बुलडोजर, हाईकोर्ट के आदेश के बाद प्रशासन की बड़ी कार्रवाई

On: February 28, 2026 6:42 AM
Follow Us:

Betul ki Khabar : घोड़ाडोंगरी (बैतूल)। घोड़ाडोंगरी तहसील के चोपना मुख्य बाजार में शनिवार को प्रशासन ने शासकीय भूमि पर बने अवैध निर्माणों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई शुरू की। हाईकोर्ट द्वारा अतिक्रमणकारियों की अपील खारिज किए जाने के बाद राजस्व विभाग और पुलिस बल की मौजूदगी में जेसीबी मशीन से अवैध दुकानों को हटाने का अभियान चलाया गया। मौके पर एसडीएम प्रपंज आर, तहसीलदार और भारी पुलिस बल तैनात रहा।

भाजपा नेता के कॉम्प्लेक्स सहित 12–15 दुकानों पर कार्रवाई

प्रशासनिक जानकारी के अनुसार, चोपना के मुख्य बाजार में भाजपा नेता तपन विश्वास द्वारा सरकारी जमीन पर एक कॉम्प्लेक्स का निर्माण कराया गया था। इस कॉम्प्लेक्स की आधी दुकानें बेचे जाने की भी जानकारी सामने आई है। पूरे क्षेत्र में लगभग 12 से 15 दुकानों का अवैध निर्माण किया गया था, जिन्हें चिन्हित कर हटाया जा रहा है।

पांच साल पुरानी शिकायत, अब मिला न्यायालय का सहारा

कांग्रेस नेता तरुण मंडल ने बताया कि करीब पांच वर्ष पूर्व उन्होंने मुख्यमंत्री हेल्पलाइन पर इस अवैध निर्माण की शिकायत दर्ज कराई थी। जांच के बाद प्रशासन ने अतिक्रमण हटाने और जुर्माना वसूलने के आदेश दिए थे। तहसीलदार द्वारा 40 हजार रुपये के जुर्माने का नोटिस भी जारी किया गया था।

इसके बावजूद कब्जाधारी तपन विश्वास ने भूमि खाली नहीं की और तहसीलदार के आदेश के खिलाफ हाईकोर्ट में अपील दायर कर दी। हाल ही में हाईकोर्ट ने अपील खारिज कर दी, जिसके बाद प्रशासन ने शनिवार को मौके पर पहुंचकर अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई शुरू कर दी।

एसडीएम का सख्त रुख

एसडीएम प्रपंज आर ने पुष्टि करते हुए बताया कि इस कार्रवाई में तपन विश्वास सहित तीन से चार अन्य लोगों के अतिक्रमण भी शामिल हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि शासकीय भूमि पर कब्जा करने वालों को किसी भी स्थिति में बख्शा नहीं जाएगा और प्रशासन ऐसे मामलों में सख्ती से कार्रवाई करेगा।

तपन विश्वास ने लगाया राजनीतिक दबाव का आरोप

वहीं, भाजपा नेता तपन विश्वास ने प्रशासनिक कार्रवाई को राजनीतिक दबाव में की गई कार्रवाई बताया। उन्होंने आरोप लगाया कि चोपना का अधिकांश बाजार अतिक्रमण की चपेट में है, जहां कई लोगों ने सरकारी भूमि पर बड़ी-बड़ी इमारतें और दुकानें बना रखी हैं, लेकिन कार्रवाई केवल उनके खिलाफ की जा रही है।

उन्होंने यह आशंका भी जताई कि उनके अतिक्रमण को हटाने की आड़ में बाद में अन्य दुकानदारों से अवैध वसूली की जा सकती है। उल्लेखनीय है कि तपन विश्वास पूर्व में जिला पंचायत सदस्य और भाजपा जिला उपाध्यक्ष रह चुके हैं।

प्रशासन की इस कार्रवाई से चोपना बाजार में हड़कंप मचा हुआ है। स्थानीय लोगों की नजर अब इस बात पर टिकी है कि क्या अन्य अतिक्रमणों पर भी इसी प्रकार निष्पक्ष और सख्त कार्रवाई की जाएगी।

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now

Leave a Comment