Multai ki Khabar : मुलताई। घाट पिपरिया निवासी आर्यमान सिंह रघुवंशी ने छत्तीसगढ़ सिविल जज परीक्षा में शानदार सफलता हासिल कर क्षेत्र का नाम रोशन किया है। उन्होंने अपने पहले ही प्रयास में परीक्षा उत्तीर्ण करते हुए सातवीं रैंक प्राप्त की है। उनकी इस उपलब्धि से परिवार और गांव में हर्ष का माहौल है।
इंदौर से एलएलएम, नागपुर से की विधि स्नातक की पढ़ाई
आर्यमान के पिता शिवेंद्र रघुवंशी और माता कला शिवेंद्र रघुवंशी दोनों शासकीय शिक्षक हैं। आर्यमान ने 12वीं के बाद कॉमन लॉ एडमिशन टेस्ट (CLAT) उत्तीर्ण कर नेशनल लॉ यूनिवर्सिटी नागपुर से विधि स्नातक (एलएलबी) की डिग्री प्राप्त की। इसके बाद उन्होंने इंदौर से एलएलएम की पढ़ाई पूरी की।
चाचा के मार्गदर्शन में की तैयारी
आर्यमान ने सिविल जज परीक्षा की तैयारी अपने चाचा अधिवक्ता देवेंद्र सिंह रघुवंशी के मार्गदर्शन में की। उन्होंने अपनी सफलता का श्रेय स्वर्गीय दादा यशवंत सिंह चौधरी, गुरुजनों, माता-पिता और चाचा को दिया। आर्यमान का कहना है, “संस्कार, सही मार्गदर्शन और सतत परिश्रम ही सफलता की वास्तविक कुंजी हैं।”
गांव में जश्न, मिल रही बधाइयां
आर्यमान की सफलता पर रघुवंशी समाज सहित जिलेभर से बधाई संदेश मिल रहे हैं। ग्राम पंचायत के सरपंच बेनी सिंह रघुवंशी ने ग्रामवासियों की ओर से खुशी जताते हुए कहा कि आर्यमान ने गांव और क्षेत्र का नाम गौरवान्वित किया है। उन्होंने कहा कि यह उपलब्धि ग्रामीण पृष्ठभूमि के युवाओं के लिए प्रेरणादायक है और यह दर्शाती है कि दृढ़ निश्चय से उच्च न्यायिक पदों तक पहुंचा जा सकता है।
युवाओं को दिया प्रेरक संदेश
प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे युवाओं को संदेश देते हुए आर्यमान ने कहा कि स्पष्ट लक्ष्य निर्धारण, समय का सदुपयोग और निरंतर मेहनत से किसी भी मंजिल को हासिल किया जा सकता है।
आर्यमान सिंह रघुवंशी की इस सफलता ने न केवल मुलताई तहसील बल्कि पूरे जिले को गौरवान्वित किया है।






