Betul Accident News : अज्ञात वाहन की टक्कर से गंभीर घायल हुए थे, भोपाल एम्स में डॉक्टरों ने किया मृत घोषित

On: February 26, 2026 6:21 AM
Follow Us:

Betul Accident News : बैतूल। मंगलवार शाम एक दर्दनाक सड़क हादसे में निजी बैंक Yes Bank के कर्मचारी 32 वर्षीय आशीष रावन्दे की मौत हो गई। वे चिचोली से बाइक पर सवार होकर अपने गृहग्राम धामोरी लौट रहे थे, तभी हिवरखेड़ी के पास किसी अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी।

खून से लथपथ हालत में मिले, भोपाल रेफर

हादसे के बाद राहगीरों ने आशीष को सड़क पर गंभीर रूप से घायल अवस्था में देखा और तत्काल एंबुलेंस की मदद से जिला अस्पताल पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद उनकी हालत नाजुक बनी रही, जिस पर डॉक्टरों ने देर रात उन्हें AIIMS Bhopal रेफर कर दिया।

भोपाल पहुंचने पर डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।

शादी की तैयारियों के बीच पसरा मातम

इस हादसे का सबसे दुखद पहलू यह है कि महज 15 दिन पहले ही आशीष की सगाई हुई थी। भोगी टेढ़ा गांव में उनका रिश्ता तय हुआ था और दोनों परिवार शादी की तैयारियों में जुटे हुए थे। घर में नई बहू के स्वागत की खुशियों के बीच यह खबर पहुंचते ही मातम छा गया।

परिजनों और ग्रामीणों के अनुसार, आशीष मिलनसार और जिम्मेदार युवक थे। वे चिचोली स्थित यस बैंक शाखा में रिकवरी ऑफिसर के पद पर कार्यरत थे।

पुलिस ने शुरू की जांच

बुधवार को भोपाल से शव बैतूल लाया गया, जहां जिला अस्पताल में पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। पुलिस ने मामले में मर्ग कायम कर लिया है और टक्कर मारने वाले अज्ञात वाहन की तलाश शुरू कर दी है।

पुलिस का कहना है कि दुर्घटना के सटीक कारणों का पता लगाने के लिए आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं और प्रत्यक्षदर्शियों से पूछताछ की जा रही है।

इस हृदयविदारक घटना से पूरे क्षेत्र में शोक की लहर है।

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now

Leave a Comment