Betul Accident News : बैतूल। जिले में सड़क हादसों का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। जावरा के पास हुए एक दर्दनाक सड़क दुर्घटना में लाखापुर निवासी 25 वर्षीय युवक सोनू कवड़े की मौत हो गई। हादसा उस समय हुआ जब सोनू अपने साथी रामदयाल के साथ अर्जुनवाड़ी से सगाई कार्यक्रम में शामिल होकर मोटरसाइकिल से घर लौट रहे थे।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, रास्ते में एक अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि सोनू कवड़े सिर के बल सड़क पर जा गिरे और उन्हें गंभीर चोटें आईं। वहीं बाइक चला रहे उनके साथी रामदयाल को इस हादसे में कोई चोट नहीं आई।
घटना के बाद स्थानीय लोगों की मदद से घायल सोनू को तत्काल जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां जांच के बाद डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
तीन बहनों का इकलौता भाई था
बताया जा रहा है कि सोनू कवड़े की शादी लगभग दस माह पहले ही हुई थी। वह तीन बहनों के इकलौते भाई थे और उनके पिता का पहले ही निधन हो चुका है। सोनू ने 12वीं तक पढ़ाई की थी और फिलहाल रोजगार की तलाश में था।
मृतक के साले राजेश के अनुसार, सोनू की अचानक मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। घर में अब कोई पुरुष सदस्य नहीं बचा है, जिससे परिवार के भरण-पोषण की चिंता और बढ़ गई है।
अस्पताल पुलिस चौकी ने मर्ग कायम कर शव का पोस्टमार्टम कराया और बाद में शव परिजनों को सौंप दिया। पुलिस अज्ञात वाहन की तलाश में जुटी हुई है।






