Betul News : बैतूल। संत शिरोमणि गाड़गे बाबा की 150वीं जयंती के अवसर पर सोमवार को जिला रजक समाज बैतूल द्वारा भव्य कार्यक्रम आयोजित किया गया। आयोजन की शुरुआत सुबह 10 बजे गाड़गे धाम, भुजरिया घाट टिकारी से निकाली गई वाहन रैली के साथ हुई। रैली शहर के प्रमुख मार्गों से होकर पुनः धाम परिसर में पहुंचकर संपन्न हुई।

रैली में समाज के सैकड़ों लोग शामिल हुए। प्रतिभागियों ने केसरिया, पीले और सफेद रंग के वस्त्र पहनकर ड्रेस कोड का पालन किया तथा संत गाड़गे बाबा के जयघोष के साथ स्वच्छता और सामाजिक जागरूकता के संदेश दिए।
दोपहर में मुख्य समारोह का आयोजन किया गया, जिसमें स्वावलंबन, शिक्षा, स्वच्छता और सामाजिक एकता जैसे विषयों पर विशेष चर्चा रखी गई। कार्यक्रम की अध्यक्षता मदन हिरे ने की, जबकि मनोज तायवाड़े कार्यक्रम प्रभारी रहे। समाज के 70 वर्ष से अधिक आयु के वरिष्ठजनों को मुख्य अतिथि के रूप में सम्मानपूर्वक आमंत्रित किया गया।
इस दौरान समाज की महिलाओं, युवाओं और बच्चों ने सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं, जिससे कार्यक्रम में उत्साह का माहौल बना रहा। पर्यावरण संरक्षण का संदेश देने के उद्देश्य से प्रत्येक आगंतुक को ‘लक्ष्मी तरु’ का पौधा भी भेंट किया गया।
आयोजन का समापन शाम 4 बजे भोजन प्रसादी के साथ किया जाएगा। जिला रजक समाज बैतूल ने नगरवासियों से अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर संत गाड़गे बाबा के आदर्शों पर चलने का संकल्प लेने की अपील की है।






