Betul Crime News : बैतूल। जिले की घोड़ाडोंगरी विधानसभा क्षेत्र से जुड़ा एक मामला इन दिनों सुर्खियों में है। भाजपा विधायक गंगाबाई उईके के पूर्व विधायक प्रतिनिधि विवेक जैन के खिलाफ मारपीट और धमकी देने का प्रकरण दर्ज किया गया है। उन पर एक ट्रैक्टर चालक के साथ मारपीट और अभद्र भाषा का प्रयोग करने का आरोप है। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस ने कार्रवाई की है।
सड़क पर हुआ विवाद, हॉकी से मारपीट का आरोप
जानकारी के अनुसार, घटना शनिवार की बताई जा रही है। बताया जा रहा है कि नल-जल योजना के तहत चल रहे कार्य के दौरान विवेक जैन अपनी कार लेकर सड़क से निकल रहे थे। इसी दौरान उनकी ट्रैक्टर चालक विकास कुमरे से कहासुनी हो गई। विवाद बढ़ने पर विवेक जैन ने कथित तौर पर हॉकी से मारपीट की और चालक को धमकाया।

प्रत्यक्षदर्शियों द्वारा बनाए गए वीडियो के वायरल होने के बाद मामला तूल पकड़ गया। देर रात पुलिस ने विवेक जैन के खिलाफ मारपीट का अपराध दर्ज किया। बाद में मामले की प्रकृति को देखते हुए अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति (अत्याचार निवारण) अधिनियम (SC-ST एक्ट) की धाराएं भी जोड़ दी गईं।
जांच जारी, निष्पक्ष कार्रवाई के निर्देश
घोड़ाडोंगरी चौकी प्रभारी आम्रपाली डहाट ने बताया कि विवेक जैन के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर लिया गया है और मामले की जांच जारी है।
वहीं विधायक गंगाबाई उईके ने स्पष्ट किया कि विवेक जैन को 27 जनवरी को ही विधायक प्रतिनिधि के पद से मुक्त कर दिया गया था। उन्होंने कहा कि वीडियो की जानकारी मिलते ही पुलिस को निष्पक्ष कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए हैं।
27 जनवरी को ही निरस्त हुई थी नियुक्ति
जानकारी के मुताबिक, विधायक ने 27 जनवरी 2026 को कलेक्टर बैतूल को पत्र भेजकर विवेक जैन निवासी घोड़ाडोंगरी की विधायक प्रतिनिधि के रूप में नियुक्ति निरस्त करने का अनुरोध किया था। पत्र में उल्लेख किया गया था कि विवेक जैन ने पारिवारिक कारणों और व्यक्तिगत व्यस्तताओं के चलते अपने दायित्वों से त्यागपत्र दिया है। इसके आधार पर उनकी नियुक्ति तत्काल प्रभाव से समाप्त करने की प्रक्रिया शुरू की गई थी।
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। वायरल वीडियो और शिकायत के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।






