Multai Crime News : मुलताई। थाना क्षेत्र के ग्राम घाटबिरोली में शुक्रवार को एक अज्ञात युवक का शव मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया। सुबह ग्रामीणों ने गांव के समीप एक सुनसान स्थान पर शव पड़े होने की सूचना पुलिस को दी, जिसके बाद दुनावा पुलिस चौकी की टीम तत्काल मौके पर पहुंची और जांच शुरू की।
पुलिस के अनुसार मृतक केवल अंडरगार्मेंट में था। उसने नीली चड्डी और सफेद बनियान पहन रखी थी। शव की स्थिति को देखते हुए प्रारंभिक तौर पर यह अनुमान लगाया जा रहा है कि युवक की मौत चार से पांच दिन पहले हुई होगी।
थाना प्रभारी नरेंद्र सिंह परिहार ने बताया कि शव गांव के बाहरी क्षेत्र में पड़ा मिला। मौके पर पंचनामा कार्रवाई कर मर्ग कायम किया गया है। शव को नगर पालिका के वाहन से मुलताई के सरकारी अस्पताल भेजा गया, जहां पोस्टमार्टम के लिए मॉर्चुरी में सुरक्षित रखा गया है।
एसआई सरयाम ने जानकारी देते हुए बताया कि फिलहाल मृतक के शरीर पर किसी प्रकार के स्पष्ट चोट के निशान नहीं मिले हैं। मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा। पुलिस सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच कर रही है।
घटना के बाद गांव में तरह-तरह की चर्चाएं फैल गई हैं और ग्रामीणों में दहशत का माहौल है। पुलिस आसपास के क्षेत्रों की गुमशुदगी रिपोर्ट खंगाल रही है और पड़ोसी गांवों से भी जानकारी जुटाई जा रही है, ताकि मृतक की पहचान की जा सके।
थाना प्रभारी ने आमजन से अपील की है कि यदि किसी व्यक्ति के लापता होने की सूचना हो या मृतक के संबंध में कोई भी जानकारी हो, तो तत्काल नजदीकी पुलिस थाना या दुनावा चौकी से संपर्क करें। पुलिस का कहना है कि जनता के सहयोग से ही मामले की गुत्थी सुलझाई जा सकेगी।






