Betul Khabar : बैतूल। शहर के गौठाना स्थित ट्रेंचिंग ग्राउंड में चल रही लीगेसी वेस्ट डंप साइट रेमीडियेशन परियोजना में कथित धांधली और लापरवाही को लेकर भाजपा प्रदेशाध्यक्ष एवं बैतूल विधायक हेमंत खंडेलवाल ने कड़ा रुख अपनाया है। उन्होंने गुरुवार (19 फरवरी) को नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग के अपर मुख्य सचिव को पत्र लिखकर पूरे मामले की निष्पक्ष जांच और जिम्मेदार अधिकारियों व ठेकेदार के खिलाफ कठोर कार्रवाई की मांग की है।
विधायक खंडेलवाल ने अपने पत्र में गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि ठेकेदार ने कचरा निष्पादन का कार्य निर्धारित मानकों के अनुसार नहीं किया और काम अधूरा छोड़ दिया। इसके बावजूद नगर पालिका के कुछ अधिकारियों ने कथित मिलीभगत कर ठेकेदार को आवश्यकता से अधिक भुगतान कर दिया। उन्होंने इसे वित्तीय अनियमितता और जनता के साथ धोखा बताते हुए दोषी अधिकारियों से वसूली तथा दंडात्मक कार्रवाई करने की मांग की है।
कचरे के अंबार से परेशान रहवासी
किदवई वार्ड स्थित ट्रेंचिंग ग्राउंड में कचरे के बड़े-बड़े ढेर लगे हुए हैं। बदबू और रिसाव से निकल रहे दूषित पानी के कारण आसपास रहने वाले लोगों का जीना मुश्किल हो गया है। स्थानीय लोगों के मुताबिक यहां बीमारी फैलने का खतरा लगातार बना हुआ है। इसी समस्या से नाराज होकर दो दिन पहले क्षेत्र के नागरिकों ने चक्काजाम कर विरोध प्रदर्शन भी किया था।
“सेहत से खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं”
विधायक खंडेलवाल ने स्पष्ट किया कि जनता के पैसे से चलने वाली योजनाओं में गड़बड़ी और लोगों की सेहत से खिलवाड़ किसी भी हालत में स्वीकार नहीं किया जाएगा। उन्होंने बताया कि पहले भी कलेक्टर व वरिष्ठ अधिकारियों को जांच दल गठित करने के निर्देश दिए गए थे, लेकिन अब सीधे एसीएस को पत्र भेजकर ठेकेदार और संबंधित अधिकारियों पर सख्त कार्रवाई की मांग की गई है, ताकि भविष्य में ऐसी लापरवाही दोबारा न हो।
प्रशासनिक हलकों में इस पत्र के बाद मामले की जांच तेज होने और जिम्मेदारों पर कार्रवाई की संभावना जताई जा रही है।






