Betul Sport News : वर्ल्ड स्किल प्रतियोगिता में बैतूल के युवाओं का कमाल, गोल्ड-सिल्वर मेडल जीते

On: February 19, 2026 11:07 AM
Follow Us:

Betul Sport News : बैतूल, 19 फरवरी 2026। अहमदाबाद में 14 से 18 फरवरी तक आयोजित वर्ल्ड स्किल प्रतियोगिता के वेस्टर्न रीजनल मुकाबले में बैतूल जिले के दो युवाओं ने उत्कृष्ट प्रदर्शन कर जिले और प्रदेश का नाम रोशन किया है। शासकीय एकलव्य महिला औद्योगिक प्रशिक्षण संस्था के प्राचार्य अजीश पंद्रे ने बताया कि कु. पूर्वी चौहान ने एनीमेशन श्रेणी में गोल्ड मेडल जीता, जबकि शासकीय एकलव्य महिला आईटीआई बैतूल के फ्लोरीकल्चर एंड लैंडस्केपिंग ट्रेड के छात्र आयुष इवने ने सिल्वर मेडल हासिल किया।
गोल्ड मेडल विजेता को 75 हजार रुपए और सिल्वर मेडल विजेता को 50 हजार रुपए की पुरस्कार राशि प्रदान की गई।

प्रतियोगिता में गुजरात, गोवा, महाराष्ट्र, मध्यप्रदेश, राजस्थान और दमन-दीव के प्रतिभागियों ने भाग लिया। यह विश्वस्तरीय कौशल स्पर्धा वर्ल्ड स्किल इंटरनेशनल द्वारा आयोजित की जाती है, जिसे “स्किल का ओलंपिक” भी कहा जाता है। जिला स्किल समन्वयक सोनू लिल्होरे ने बताया कि फ्लोरिस्ट्री स्किल में प्रतिभागियों को निर्धारित समय में थीम आधारित पुष्प सज्जा, वेडिंग बुके, सजावटी इंस्टॉलेशन और तकनीकी दक्षता का प्रदर्शन करना होता है। दोनों प्रतिभागियों को अब राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता में भाग लेने के लिए नई दिल्ली जाने का अवसर मिला है।

एमपीटास पोर्टल पर प्रतिभा योजना के आवेदन 20 फरवरी से

सहायक आयुक्त जनजातीय कार्य विभाग ने बताया कि अनुसूचित जनजाति वर्ग के विद्यार्थियों के लिए प्रतिभा योजना के तहत एमपीटास पोर्टल पर ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया 20 फरवरी से पुनः शुरू होगी।
एकेडमिक सत्र 2023-24, 2024-25 और 2025-26 में शासकीय संस्थानों में प्रवेश लेने वाले ऐसे विद्यार्थी, जो आवेदन से वंचित रह गए थे, वे अब आवेदन कर सकेंगे। आवेदन की अंतिम तिथि 20 मार्च 2026 निर्धारित की गई है।

10वीं संस्कृत परीक्षा शांतिपूर्ण, 15821 विद्यार्थी हुए शामिल

माध्यमिक शिक्षा मंडल मप्र भोपाल द्वारा आयोजित बोर्ड परीक्षा-2026 के तहत गुरुवार को जिले में कक्षा 10वीं का संस्कृत विषय का पेपर शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ। जिले में 127 परीक्षा केंद्र बनाए गए थे, जिनमें 16,260 परीक्षार्थी पंजीकृत थे।
इनमें से 15,821 विद्यार्थी परीक्षा में शामिल हुए, जबकि 439 अनुपस्थित रहे। परीक्षा की शुचिता बनाए रखने के लिए अधिकारियों ने 32 केंद्रों का औचक निरीक्षण किया और दो नकल प्रकरण भी दर्ज किए गए। परीक्षा के दौरान सुरक्षा और निगरानी के पुख्ता इंतजाम रहे, जिससे कहीं कोई अव्यवस्था नहीं हुई।

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now

Leave a Comment