Betul Accident News : बैतूल। बैतूल-इंदौर नेशनल हाईवे पर बुधवार शाम एक दर्दनाक सड़क हादसे में सरियों से भरा ट्रैक्टर अनियंत्रित होकर पलट गया। हादसे में ट्रैक्टर पर सवार एक युवक की सरियों के नीचे दबने से मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य ग्रामीण गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना चिचोली थाना क्षेत्र के ग्राम गोलू मंडई के पास खंजर नाला पर हुई।
पुलिस के अनुसार ग्राम बरजोरपुर के ग्रामीण अपने मकान निर्माण के लिए चिचोली से सरिया खरीदकर ट्रैक्टर में लादकर गांव लौट रहे थे। बुधवार शाम करीब 6 बजे ट्रैक्टर बैतूल-इंदौर हाईवे पर खंजर नाला (गोलू मंडई) के पास पहुंचा, तभी चालक का वाहन से नियंत्रण हट गया और ट्रैक्टर अनियंत्रित होकर पलट गया।

ट्रैक्टर पलटते ही उस पर लदा भारी सरिया सवार ग्रामीणों के ऊपर गिर पड़ा, जिससे तीन लोग उसके नीचे दब गए। सूचना मिलते ही चिचोली पुलिस मौके पर पहुंची। स्थानीय लोगों की मदद से राहत कार्य शुरू किया गया और मलबा हटाने के लिए जेसीबी मशीन बुलवाई गई। कड़ी मशक्कत के बाद दबे ग्रामीणों को बाहर निकाला गया।

बरजोरपुर निवासी युवक की मौत
हादसे में बरजोरपुर निवासी प्रदीप इरपाचे की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं दो अन्य घायल ग्रामीणों को प्राथमिक उपचार के लिए चिचोली अस्पताल भेजा गया है, जहां उनकी हालत गंभीर बताई जा रही है।
पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है।






