Betul Accident News : बैतूल। शहर के मानस नगर इलाके में बुधवार शाम एक दर्दनाक हादसे में 50 वर्षीय व्यक्ति की ट्रेन की चपेट में आने से मौत हो गई। मृतक की पहचान मंडई खुर्द निवासी मद्दा धुर्वे (पिता चैतु धुर्वे) के रूप में हुई है।
जानकारी के अनुसार घटना मानस नगर स्थित ऑयल मिल के पीछे रेलवे लाइन पार करते समय हुई। बताया जा रहा है कि मद्दा धुर्वे रेलवे ट्रैक पार कर रहे थे, तभी अचानक तेज गति से आ रही ट्रेन की चपेट में आ गए। हादसे में उनका हाथ और शरीर का पिछला हिस्सा गंभीर रूप से कट गया और मौके पर ही उनकी मौत हो गई।
घटना को रेलवे कर्मचारियों ने देखा और तत्काल रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) को सूचना दी। आरपीएफ ने कोतवाली पुलिस को सूचित किया, जिसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जिला अस्पताल भिजवाया। शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है।
जांच अधिकारी दीवान सिंह बनकर ने बताया कि मृतक की मानसिक स्थिति कमजोर बताई जा रही है और वह अक्सर इधर-उधर घूमता रहता था। प्रारंभिक जांच में रेलवे लाइन पार करते समय ट्रेन की चपेट में आने से मौत होना सामने आया है। मृतक के शरीर पर ट्रेन से टकराने के स्पष्ट निशान मिले हैं।
पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है और फिलहाल इसे हादसा माना जा रहा है।






