Betul Suicide News : बैतूल। जिले के आठनेर थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम पानबेहरा में 45 वर्षीय महिला की जहरीला पदार्थ खाने से मौत हो गई। गंभीर हालत में उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां बुधवार सुबह इलाज के दौरान उसने दम तोड़ दिया। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार मृतका की पहचान मथुरा पति जयराम धुर्वे (45) निवासी पानबेहरा के रूप में हुई है। जानकारी के मुताबिक मंगलवार शाम करीब 3 से 4 बजे के बीच महिला शराब के नशे में थी। इसी दौरान उसने खेत में अचानक जहरीले पदार्थ का सेवन कर लिया। इसके बाद उसे चक्कर, उल्टी और घबराहट होने लगी।

परिजनों ने तत्काल उसे आठनेर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर होने पर जिला अस्पताल बैतूल रेफर कर दिया गया। जिला अस्पताल पहुंचने पर बुधवार सुबह उसकी तबीयत और बिगड़ गई, जिसके बाद उसे आईसीयू में भर्ती किया गया, लेकिन सुबह करीब 8 से 9 बजे के बीच उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।

पति से विवाद की बात
मृतका के पति जयराम धुर्वे ने बताया कि उसकी पत्नी को शराब पीने की आदत थी और कई बार समझाने के बावजूद वह इसे छोड़ नहीं पा रही थी। ग्रामीणों के अनुसार, जहरीला पदार्थ खाने से पहले पति-पत्नी के बीच किसी बात को लेकर विवाद भी हुआ था।

चार बच्चों की मां थी
मथुरा धुर्वे खेती-किसानी का काम करती थी। उसके चार बच्चे हैं, जिनमें तीन बेटियां और एक बेटा शामिल हैं। दो बेटियों की शादी हो चुकी है। बुधवार को जिला अस्पताल में पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।






