Betul News : बैतूल। शहर के चंद्रशेखर वार्ड में 26 वर्षीय युवक की अचानक मौत से इलाके में शोक का माहौल बन गया। मृतक दीपांक सिरसाम नजूल विभाग में पदस्थ आरआई सुखराम सिरसाम के बड़े पुत्र थे। परिजन घबराहट की शिकायत पर उन्हें तत्काल राठी हॉस्पिटल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
जानकारी के अनुसार दीपांक शुक्रवार को भोपाल गए थे, जहां उन्होंने एक प्रतियोगी परीक्षा के इंटरव्यू में हिस्सा लिया था। रात में वे कार से बैतूल लौट रहे थे। रास्ते में उनकी कार में खराबी आ गई, जिसके बाद वे एक बाइक सवार की मदद से घर पहुंचे। बताया जा रहा है कि घर पहुंचने पर उन्होंने मां से घबराहट की शिकायत की। परिजनों ने उन्हें नींबू पानी पिलाया, लेकिन उनकी हालत बिगड़ती चली गई।
परिजन तत्काल उन्हें निजी अस्पताल लेकर गए, मगर अस्पताल पहुंचने से पहले ही उनकी मौत हो चुकी थी। राठी हॉस्पिटल की डॉ. नूतन राठी के अनुसार युवक को घबराहट की स्थिति में लाया गया था और प्रारंभिक तौर पर मामला कार्डियक अरेस्ट (हार्ट अटैक) का प्रतीत हो रहा है।
अस्पताल पुलिस चौकी से मिली जानकारी के मुताबिक युवक के पेट में कोई संदिग्ध वस्तु नहीं मिली है। प्रारंभिक पोस्टमार्टम रिपोर्ट में भी मौत का कारण हार्ट अटैक होने की आशंका जताई गई है। फिलहाल पुलिस ने मर्ग कायम कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मौत का वास्तविक कारण अंतिम पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा।






