Multai News :राजा भोज जयंती पर निकली भव्य शोभायात्रा, नगरभर में हुआ स्वागत

On: February 13, 2026 11:12 AM
Follow Us:

Multai News : मुलताई। परम प्रतापी चक्रवर्ती सम्राट राजा भोज की जयंती पर शुक्रवार को क्षत्रिय पवार समाज के तत्वावधान में नगर में भव्य शोभायात्रा निकाली गई। शोभायात्रा मासोद रोड स्थित मेघनाथ मोहल्ला से विधि-विधान और पूजा-अर्चना के साथ प्रारंभ हुई।

समाज के मनोज बारंगे ने बताया कि यात्रा मेघनाथ मोहल्ला से शुरू होकर बस स्टैंड, जय स्तंभ चौक, फव्वारा चौक सहित नगर के प्रमुख मार्गों से गुजरी। मार्ग में विभिन्न सामाजिक संगठनों एवं नागरिकों ने पुष्पवर्षा कर स्वागत किया, वहीं कई स्थानों पर मंच बनाकर जलपान और अभिनंदन की व्यवस्था भी की गई।

शोभायात्रा में बड़ी संख्या में मातृशक्ति, युवा, वरिष्ठजन और समाज के गणमान्य नागरिक शामिल हुए। ढोल-नगाड़ों और बैंड की धुन पर पारंपरिक वेशभूषा में युवा उत्साह के साथ शामिल हुए। प्रतिभागियों ने हाथों में ध्वज और बैनर लेकर राजा भोज के आदर्शों को अपनाने का संकल्प लिया।

इस अवसर पर वक्ताओं ने कहा कि राजा भोज न केवल पराक्रमी शासक थे, बल्कि विद्या, संस्कृति और धर्म के महान संरक्षक भी रहे। उनके जीवन से प्रेरणा लेकर समाज में एकता, भाईचारा और सांस्कृतिक मूल्यों के संरक्षण का संदेश दिया गया।

पूरे आयोजन के दौरान अनुशासन और व्यवस्था सराहनीय रही। शोभायात्रा के समापन पर समाजजनों ने एकजुट होकर समाजहित में कार्य करने का संकल्प दोहराया।

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now

Leave a Comment