Betul News : हमाल-किसान विवाद से बडोरा मंडी ठप, नीलामी बंद होने से किसान परेशान

On: February 13, 2026 11:02 AM
Follow Us:

Betul News : बैतूल। जिले की बडोरा कृषि उपज मंडी में किसान और हमालों के बीच हुए विवाद के बाद शुक्रवार को मंडी का कामकाज पूरी तरह ठप हो गया। हमालों और तुलावटियों ने काम बंद कर दिया, वहीं व्यापारियों ने भी नीलामी का बहिष्कार कर दिया। इससे मंडी में तुलाई और बिक्री प्रक्रिया प्रभावित हो गई और किसानों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।

जानकारी के अनुसार शुक्रवार को केवल सोयाबीन की सीमित नीलामी हो सकी, जबकि गेहूं और मक्का की नीलामी पूरी तरह बंद रही। मंडी में पहुंचे कई किसानों को अपनी उपज के साथ वहीं रुकना पड़ा।

मंडी सचिव सुरेश परते ने बताया कि हमालों ने किसानों और व्यापारियों द्वारा गाली-गलौज किए जाने की शिकायत की है, जिसके विरोध में उन्होंने काम बंद कर दिया। विवाद की स्थिति को देखते हुए व्यापारियों ने भी बोली में हिस्सा नहीं लिया। प्रबंधन दोनों पक्षों से बातचीत कर समाधान निकालने का प्रयास कर रहा है।

किसान गोलू हारोडे का कहना है कि वे गुरुवार को मक्का लेकर मंडी पहुंचे थे, लेकिन शुक्रवार तक तुलाई नहीं हो सकी। उनका आरोप है कि हमालों ने तुलाई के लिए 1500 रुपये की मांग की और मना करने पर काम रोक दिया। उन्होंने किसी भी प्रकार की अभद्र भाषा के आरोप से इनकार किया।

वहीं हमाल अशोक कवड़े ने आरोप लगाया कि पहले किसान ने अभद्र भाषा का प्रयोग किया, जिसके कारण हमालों ने काम बंद किया।

विवाद के चलते शुक्रवार को मंडी में सन्नाटा छाया रहा। मंडी सचिव के मुताबिक अब दो दिन की छुट्टी होने से नीलामी प्रक्रिया सोमवार तक शुरू होने की संभावना है, जिससे किसानों की परेशानी और बढ़ सकती है।

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now

Leave a Comment