Betul Crime News : रोबोट्रेड एप से 1.93 करोड़ की ठगी का मास्टरमाइंड गिरफ्तार, 10 हजार का इनामी आरोपी दबोचा

On: February 13, 2026 9:20 AM
Follow Us:

Betul Crime News : बैतूल। बैतूल बाजार पुलिस ने ऑनलाइन निवेश के नाम पर 1.93 करोड़ रुपये की ठगी के चर्चित मामले में बड़ी सफलता हासिल करते हुए फरार आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने 10 हजार रुपये के इनामी आरोपी मिलन राठौर को कोथलकुंड क्षेत्र से पकड़ा है।

पुलिस के अनुसार मामला फरवरी 2025 का है। फरियादी कुलदीप राठौर ने शिकायत दर्ज कराई थी कि मिलन राठौर, पंकज उर्फ ज्ञानप्रकाश साहू तथा देवकृष्ण साहू ने “रोबोट्रेड” एप्लीकेशन के जरिए अधिक मुनाफे का झांसा देकर उनसे 1.93 करोड़ रुपये निवेश करवा लिए और बाद में रकम हड़प ली। शिकायत पर थाना बैतूल बाजार में अपराध क्रमांक 59/25 के तहत भारतीय दंड संहिता की धारा 420, 409, 467, 471 तथा आईटी एक्ट की धारा 66(D) के तहत प्रकरण दर्ज किया गया था।

घटना के बाद मुख्य आरोपी मिलन राठौर फरार चल रहा था। उसकी अग्रिम जमानत याचिका सुप्रीम कोर्ट तक से खारिज हो चुकी थी, इसके बावजूद वह लगातार ठिकाने बदलकर छिपा हुआ था। पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों और गोपनीय सूचना के आधार पर 9 फरवरी 2026 को उसे कोथलकुंड से गिरफ्तार कर लिया।

गिरफ्तारी के बाद आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से दो दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया। रिमांड अवधि पूरी होने पर उसे जिला जेल बैतूल भेज दिया गया है।

कार्रवाई में थाना प्रभारी अंजना धुर्वे, उपनिरीक्षक उत्तम मस्तकार, रश्मि ठाकुर, संतोष सिंह नागवे, सउनि संजय कलम, प्रधान आरक्षक अशोक झरबड़े, अजय बरबड़े, कमल चौरे, कमल पंवार, भूपेन्द्र पटेल तथा चालक सुखराम पंवार की टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

पुलिस अधीक्षक वीरेंद्र जैन ने बताया कि जिले में साइबर ठगी और ऑनलाइन निवेश से जुड़े मामलों में सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। उन्होंने लोगों से अपील की है कि किसी भी अज्ञात ऑनलाइन निवेश या अधिक लाभ के लालच में न आएं तथा संदिग्ध गतिविधियों की सूचना तुरंत पुलिस को दें।

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now

Leave a Comment