Betul Crime News : सूने मकानों में चोरी करने वाली महिला गैंग गिरफ्तार, लाखों के जेवर-सामान बरामद

On: February 11, 2026 6:51 AM
Follow Us:

Betul Crime News : बैतूल। कोतवाली पुलिस ने सूने मकानों को निशाना बनाकर चोरी करने वाली तीन महिलाओं की गैंग का पर्दाफाश करते हुए उन्हें गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने ओझाढाना क्षेत्र से ग्रेसी उर्फ निशा (23), संजना उर्फ नागिन (21) और सुनिता उर्फ टकली (35) को पकड़ा है। आरोपियों के कब्जे से लाखों रुपए कीमत के सोने-चांदी के जेवरात सहित चोरी का अन्य सामान बरामद किया गया है। तीनों को न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया गया है।

पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी महिलाएं दिन के समय कबाड़ बीनने के बहाने शहर के अलग-अलग इलाकों में घूमती थीं। इस दौरान वे ताला लगे मकानों की रेकी करती थीं और रात में मौका पाकर ताला तोड़कर चोरी की वारदात को अंजाम देती थीं।

31 अक्टूबर को किया था बड़ा हाथ साफ
31 अक्टूबर की रात कृष्णपुरा टिकारी क्षेत्र में भवानी प्रसाद मालवीय के सूने मकान में चोरी की घटना हुई थी। घर कई दिनों से बंद था। महिलाओं ने ताला तोड़कर घर से कीमती सामान चोरी कर लिया था। घटना के बाद पुलिस ने इलाके की संदिग्ध महिलाओं से पूछताछ शुरू की, जिसके बाद इस गैंग का खुलासा हुआ।

एलईडी टीवी समेत जेवरात बरामद
सख्ती से पूछताछ में तीनों ने अपराध स्वीकार कर लिया। उनकी निशानदेही पर पुलिस ने एलजी कंपनी की एलईडी टीवी, सोने की अंगूठियां, चांदी के सिक्के, करधन, पायल, मोती तथा पीतल-तांबे के बर्तन सहित चोरी का माल बरामद किया है।

पहले भी रही हैं अपराध में शामिल
सूत्रों के अनुसार गिरफ्तार महिलाएं आदतन अपराधी हैं और पूर्व में भी चोरी व नशे से जुड़े मामलों में शामिल रही हैं। पुलिस अब इनके द्वारा की गई अन्य वारदातों की भी जांच कर रही है।

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now

Leave a Comment