Multai Crime News : छिंदवाड़ा से महाराष्ट्र गोवंश तस्करी कर ले जाए जा रहे 14 गोवंश को मंगलवार तड़के करीब 4 बजे मुलताई के पास हिंदू संगठनों और पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई में पकड़ा। इस दौरान तस्करों ने पुलिस से बचने के लिए टोल बैरियर तोड़ते हुए तेज रफ्तार में पिकअप वाहन दौड़ा दिया। अब इस खतरनाक ड्राइविंग का सीसीटीवी फुटेज बुधवार को सामने आया है, जिसने पूरे घटनाक्रम की गंभीरता उजागर कर दी है।

सीसीटीवी फुटेज में साफ दिखाई दे रहा है कि तेज रफ्तार पिकअप वाहन चिकली कला टोल बैरियर पर पहुंचता है। टोल बैरियर नीचे होने के बावजूद चालक ने रफ्तार कम नहीं की और बैरियर को तोड़ते हुए वाहन आगे बढ़ा दिया। तेज गति के कारण सड़क पर चिंगारियां तक उठती नजर आ रही हैं। गनीमत रही कि इस दौरान कोई बड़ा हादसा नहीं हुआ।
पुलिस के अनुसार, तस्कर गोवंशों को रस्सियों से बांधकर और निर्दयता से वाहन में ठूंसकर ले जा रहे थे। सूचना मिलते ही पुलिस ने हिंदू संगठनों—श्री बजरंग सेना और राष्ट्रीय हिंदू सेना—के साथ मिलकर कार्रवाई की। करीब 70 किलोमीटर तक पिकअप का पीछा किया गया, लेकिन अंधेरे का फायदा उठाकर तस्कर फरार हो गया। हालांकि, मौके से पिकअप वाहन जब्त कर लिया गया और उसमें मौजूद सभी 14 गोवंशों को सुरक्षित मुक्त कराया गया। बाद में सभी गोवंशों को नजदीकी गौशाला भेज दिया गया।
थाना प्रभारी नरेंद्र सिंह परिहार ने बताया कि अज्ञात तस्करों के खिलाफ पशु क्रूरता अधिनियम सहित संबंधित धाराओं में मामला दर्ज किया गया है। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान की जा रही है और जल्द ही उनकी गिरफ्तारी की जाएगी। फिलहाल पुलिस तस्करों की तलाश में जुटी हुई है।
यह घटना न केवल गोवंश तस्करी की गंभीरता को दर्शाती है, बल्कि तेज रफ्तार और लापरवाही से की गई ड्राइविंग से आम लोगों की जान को होने वाले खतरे की भी पोल खोलती है।






