Betul News : कोल्ड्रिफ कफ सिरप कांड: नागपुर एम्स में चार माह बाद बैतूल के 4 वर्षीय हर्ष की मौत

On: February 3, 2026 10:58 AM
Follow Us:

Betul News : बैतूल/नागपुर। छिंदवाड़ा जिले के परासिया में सामने आए कोल्ड्रिफ कफ सिरप कांड का एक और दर्दनाक परिणाम सामने आया है। इस मामले के शिकार बैतूल जिले के चार वर्षीय मासूम हर्ष की रविवार रात करीब 10 बजे नागपुर एम्स में इलाज के दौरान मौत हो गई। हर्ष पिछले चार महीनों से आईसीयू में भर्ती था और लगातार कोमा की स्थिति में था।

परिजनों के अनुसार, बच्चे की हालत शुरू से ही नाजुक बनी हुई थी। डॉक्टर लगातार उसके स्वास्थ्य में धीरे-धीरे सुधार की बात कह रहे थे, लेकिन उसे कभी होश नहीं आया। हर्ष के दादा देवा ने बताया कि भर्ती होने के बाद से ही बच्चा बेहोश था। डॉक्टर रोजाना बेहतर होने की उम्मीद जताते थे, लेकिन रविवार रात उसने दम तोड़ दिया। सोमवार को पोस्टमार्टम के बाद शव गांव लाया जाएगा।

किसान पिता, मुफ्त इलाज लेकिन रहने में लाखों खर्च

हर्ष के पिता गोकुल पेशे से किसान हैं। उनके दो बेटे हैं, जिनमें हर्ष बड़ा था। बच्चे के बेहतर इलाज के लिए परिवार के सदस्य पिछले चार महीनों से नागपुर में ही रह रहे थे। एम्स में इलाज नि:शुल्क हुआ, लेकिन इस दौरान परिवार को रहने, खाने-पीने और अन्य व्यवस्थाओं पर लाखों रुपये खर्च करने पड़े।

एसडीएम ने की पुष्टि, मामला फिर चर्चा में

आमला एसडीएम शैलेंद्र बड़ोनिया ने हर्ष की मौत की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि कोल्ड्रिफ कफ सिरप पीने से बीमार हुए बच्चों में बैतूल जिले का हर्ष भी शामिल था, जिसे गंभीर अवस्था में नागपुर एम्स रेफर किया गया था। बच्चे की मौत के बाद यह मामला एक बार फिर प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग के लिए गंभीर सवाल खड़े कर रहा है।

हर्ष की मौत से परिवार में कोहराम मचा हुआ है, वहीं क्षेत्र में शोक और आक्रोश का माहौल है।

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now

Leave a Comment