मक्के की फसल, पशु चारा व सिंचाई पाइप जलकर राख, करीब डेढ़ लाख का नुकसान
Betul Fire News : ग्राम खतेड़ाकला में रविवार दोपहर एक किसान के खेत में अचानक आग लगने से भारी नुकसान हो गया। इस आगजनी की घटना में किसान बंशीलाल देशमुख को करीब डेढ़ लाख रुपए का आर्थिक नुकसान हुआ है। आग में उनकी मक्के की फसल, पशु चारा और सिंचाई के पाइप जलकर पूरी तरह नष्ट हो गए।
जानकारी के अनुसार घटना रविवार दोपहर करीब 1:30 बजे की है। खेत में आग लगते ही आसपास काम कर रहे ग्रामीणों ने तत्काल फायर ब्रिगेड को सूचना दी। सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की टीम ड्राइवर राकेश पवार और गिरीश पिपले के साथ मौके पर पहुंची और तत्परता से आग पर काबू पाया। समय रहते आग बुझा लेने से आसपास के खेतों में खड़ी अन्य फसलें सुरक्षित बचा ली गईं।
पीड़ित किसान बंशीलाल देशमुख ने बताया कि इस घटना से उन्हें बड़ा आर्थिक नुकसान उठाना पड़ा है। उन्होंने प्रशासन से नुकसान का आकलन कर उचित मुआवजा दिलाने की मांग की है।
वहीं, ग्रामीणों ने खेतों में लगातार हो रही आगजनी की घटनाओं पर चिंता जताई है। आग लगने के कारणों का फिलहाल पता नहीं चल पाया है। ग्रामीणों और किसानों ने प्रशासन से घटनास्थल का निरीक्षण कर प्रभावित किसान को राहत और सहायता प्रदान करने की मांग की है।






