Betul Crime News : खेड़ली बाज़ार की महिलाओं का विरोध: गांव के बीच शराब दुकान हटाने की मांग

On: January 28, 2026 6:48 AM
Follow Us:

कलेक्टर को सौंपा आवेदन, 7 दिन में कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन की चेतावनी

Betul Crime News : बैतूल जिले के खेड़ली बाज़ार गांव में रिहायशी इलाके के बीच संचालित देशी और विदेशी शराब दुकान को हटाने की मांग को लेकर महिलाओं ने मोर्चा खोल दिया है। गांव की महिलाओं ने इस संबंध में कलेक्टर को लिखित आवेदन सौंपते हुए शराब दुकान को तत्काल अन्यत्र स्थानांतरित करने की मांग की है।

महिलाओं का आरोप है कि शराब दुकान गांव के अत्यंत संवेदनशील क्षेत्र में स्थित है। दुकान के आसपास आंगनवाड़ी केंद्र, सरकारी उचित मूल्य की दुकान, माध्यमिक शाला, शिव मंदिर और सामुदायिक भवन मौजूद हैं। इसी रास्ते से प्रतिदिन छोटे बच्चे स्कूल जाते हैं और महिलाएं राशन लेने, मंदिर जाने व विभिन्न बैठकों में शामिल होने के लिए गुजरती हैं।

महिलाओं ने जताई असुरक्षा की भावना

महिलाओं ने बताया कि शराब दुकान के बाहर दिनभर शराबियों की भीड़ लगी रहती है। शराब के नशे में लोग गाली-गलौज करते हैं, महिलाओं पर फब्तियां कसते हैं और सीटी बजाने जैसी अशोभनीय हरकतें करते हैं। इससे महिलाओं और बच्चियों को मानसिक रूप से परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है और वे स्वयं को असुरक्षित महसूस कर रही हैं।

7 दिन में समाधान नहीं हुआ तो आंदोलन

आवेदन में महिलाओं ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि यदि सात दिनों के भीतर शराब दुकान हटाने को लेकर ठोस कार्रवाई नहीं की गई, तो वे आंदोलन करने के लिए मजबूर होंगी। महिलाओं ने यह भी बताया कि उनके पास शराब दुकान से जुड़ी अव्यवस्थाओं और भीड़ की तस्वीरें भी मौजूद हैं, जिन्हें आवश्यकता पड़ने पर प्रशासन को सौंपा जाएगा।

बिजली समस्या पर भी दिया गया ज्ञापन

इसी दौरान ग्रामीणों ने कलेक्टर को पास के केहलपुर गांव में बिजली आपूर्ति की गंभीर समस्या से भी अवगत कराया। इस पर कलेक्टर ने त्वरित संज्ञान लेते हुए संबंधित अधीक्षण अभियंता (एसई) से चर्चा की और बिजली व्यवस्था सुधारने के लिए आवश्यक निर्देश जारी किए।

अब देखना यह होगा कि प्रशासन महिलाओं की सुरक्षा और गांव के सामाजिक वातावरण को ध्यान में रखते हुए शराब दुकान को लेकर क्या निर्णय लेता है।

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now

Leave a Comment