Samay Sagar Maharaj : जैन संत, आचार्य श्री 108 समय सागर जी महाराज ससंघ का रविवार को डहुआ आगमन हो गया है। आचार्य श्री का प्रथम मंगल आगमन सोमवार सुबह 8 बजे मुलताई नगर में होगा। आचार्य श्री विद्यासागर जी महाराज के परम प्रभावक शिष्य के आगमन को लेकर जैन समाज सहित पूरे नगर में उत्साह और श्रद्धा का माहौल बना हुआ है।
जैन समाज के अध्यक्ष राजू जैन, कार्यकारी अध्यक्ष नारायण जैन, सचिव प्रमोद जैन, रवि प्रकाश जैन, प्रवीण जैन एवं संदीप जैन राजतारा ने संयुक्त रूप से जानकारी देते हुए बताया कि आचार्य श्री की भव्य अगवानी जालाराम मंदिर परिसर में की जाएगी। यहां समाजजनों द्वारा श्रद्धा और भक्ति भाव से संतश्री का स्वागत किया जाएगा।

जैन मंदिर के लिए होगा विहार
अगवानी कार्यक्रम के उपरांत आचार्य श्री ससंघ जैन मंदिर के लिए विहार करेंगे। आचार्य श्री की आहारचर्या मुलताई नगर में ही संपन्न होगी। जैन समाज ने इसे नगरवासियों के लिए एक दुर्लभ और पुण्यकारी अवसर बताया है।

अधिक संख्या में उपस्थित रहने की अपील
जैन समाज के पदाधिकारियों ने सकल समाज से अपील करते हुए कहा कि आचार्य श्री का आगमन केवल जैन समाज ही नहीं, बल्कि पूरे नगर के लिए गौरव का विषय है। उन्होंने सभी धर्मप्रेमी नागरिकों से आग्रह किया कि वे इस आध्यात्मिक अवसर पर अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर संतश्री के दर्शन कर पुण्य लाभ अर्जित करें।






