Betul Accident News : बैतूल। शहर से सटे कोसमी जोड़ के पास शनिवार तड़के हुए एक सड़क हादसे में दादा और पोता गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा शुक्रवार-शनिवार की दरम्यानी रात करीब 2:45 बजे हुआ, जब तेज रफ्तार स्कॉर्पियो ने स्कूटी को जोरदार टक्कर मार दी। दोनों घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद नागपुर रेफर किया गया है।
जानकारी के अनुसार, टिकारी निवासी 19 वर्षीय दर्श धोटे (पिता सेवेंद्र धोटे) और उनके 74 वर्षीय दादा रामेश्वर धोटे (पिता सीताराम धोटे) स्कूटी से कोसमी क्षेत्र में आयोजित खाटू श्याम प्राण प्रतिष्ठा समारोह से लौट रहे थे। इसी दौरान कोसमी जोड़ के पास पीछे से आ रही स्कॉर्पियो ने उनकी स्कूटी को टक्कर मार दी।

टक्कर इतनी भीषण थी कि स्कूटी पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई, जबकि स्कॉर्पियो का अगला हिस्सा भी टूट गया। हादसे में दर्श धोटे के सिर में गंभीर चोटें आई हैं, वहीं रामेश्वर धोटे का एक पैर बुरी तरह जख्मी हो गया।
112 की मदद से अस्पताल पहुंचाया
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस की 112 टीम मौके पर पहुंची और दोनों घायलों को जिला अस्पताल बैतूल पहुंचाया। हालत गंभीर होने पर परिजन उन्हें नागपुर के एक निजी अस्पताल ले गए, जहां दोनों का इलाज जारी है।
घायल दर्श के चाचा मनोज धोटे ने बताया कि दादा-पोता की हालत अभी भी गंभीर बनी हुई है। मनोज धोटे बैतूल में लोक सेवा केंद्र का संचालन करते रहे हैं और वे कुनबी समाज संगठन के पदाधिकारी भी हैं।
बताया जा रहा है कि स्कॉर्पियो के एयरबैग खुलने से कार चालक को कोई चोट नहीं आई। हादसे के बाद चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर फरार चालक की तलाश शुरू कर दी है।






