Betul News : बैतूल। कोतवाली पुलिस ने खेत की मेढ़ पर बिजली का नंगा तार बिछाकर एक ग्रामीण की जान लेने वाले आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। यह घटना करीब चार महीने पहले 4 सितंबर 2025 की है। पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर आरोपी को फोरलेन हाईवे पर कोसमी डैम के पास से पकड़ा।
पुलिस के अनुसार, झाड़ेगांव निवासी शिवलाल पन्द्रद्वाम ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि उनका भाई सदन पन्द्रद्वाम 4 सितंबर को जंगल में मवेशी चराने गया था। इसी दौरान वह खेत की मेढ़ पर बिछाए गए बिजली के नंगे तार की चपेट में आ गया। करंट लगने से सदन की मौके पर ही मौत हो गई थी। मामले में पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू की थी।
जांच के दौरान खुलासा हुआ कि ग्राम भोगीतेड़ा निवासी शिवचरण उपासे (51) ने झाड़ेगांव स्थित अपने खेत की मेढ़ पर खूंटी गाड़कर नंगा तार लगाया था और उसमें सीधे बिजली प्रवाहित कर दी थी। खेत की रखवाली के लिए की गई इस घातक लापरवाही के चलते एक निर्दोष ग्रामीण की जान चली गई।
मर्ग जांच पूरी होने के बाद पुलिस ने आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 105 के तहत प्रकरण दर्ज किया। घटना के बाद से ही आरोपी फरार चल रहा था।
कोतवाली थाना प्रभारी निरीक्षक नीरज पाल ने बताया कि मुखबिर से सूचना मिलने पर पुलिस टीम ने घेराबंदी कर फोरलेन हाईवे पर कोसमी डैम के पास से आरोपी शिवचरण उपासे, पुत्र नान्हू उपासे, को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ के दौरान आरोपी ने अपना जुर्म कबूल कर लिया है। आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया है।
पुलिस का कहना है कि इस तरह की लापरवाही न केवल गैरकानूनी है, बल्कि जानलेवा भी है। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।






