Betul Samachar: बैतूल। सारणी पुलिस ने लंबे समय से फरार चल रहे आर्म्स एक्ट के स्थायी वारंटी जितेंद्र पिता जियालाल विश्वकर्मा (28) को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। जानकारी के अनुसार आरोपी दिवाली मनाने घर लौटा था, जिसके बाद पुलिस ने उसे छतरपुर से दबोच लिया। इसके साथ ही पुलिस ने एक अन्य वारंटी तरुण को भी गिरफ्तार किया है, जिसके खिलाफ भी गिरफ्तारी वारंट जारी था।
यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक बैतूल वीरेंद्र जैन के निर्देशन में, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्रीमती कमला जोशी और अनुविभागीय अधिकारी (पुलिस) सारणी सुश्री प्रियंका करचाम के मार्गदर्शन में की गई। अभियान का नेतृत्व थाना प्रभारी सारणी निरीक्षक जयपाल इनवाती ने किया।
गिरफ्तार आरोपी जितेंद्र विश्वकर्मा शास्त्री नगर, पाथाखेड़ा का निवासी है। उस पर आर्म्स एक्ट, मारपीट और लूटपाट जैसे गंभीर अपराधों के पांच प्रकरण दर्ज हैं, साथ ही उसके खिलाफ छह स्थायी वारंट लंबित थे। इनमें प्रकरण क्रमांक 1360/2015 (धारा 25 आर्म्स एक्ट) और प्रकरण क्रमांक 443/2018 (धारा 457, 380 भादवि) प्रमुख हैं। पुलिस ने आरोपी को 10 नवंबर 2025 को माननीय न्यायालय बैतूल में पेश किया।
सारणी पुलिस ने बताया कि क्षेत्र में हो रही चोरी, लूट और अन्य आपराधिक गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए ऐसी सघन कार्रवाई आगे भी लगातार जारी रहेगी।






