Betul Crime News: आठनेर वन विभाग की बड़ी कार्रवाई: अवैध रेत से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली जब्त, चालक फरार

On: November 9, 2025 10:18 AM
Follow Us:

Betul Crime News: बैतूल। मुलताई-आठनेर वन परिक्षेत्र में वन विभाग की टीम ने अवैध रेत परिवहन पर सख्त कार्रवाई करते हुए रेत से भरी एक ट्रैक्टर-ट्रॉली जब्त की है। यह कार्रवाई बीट झुनकारी के कक्ष क्रमांक 592 के पास की गई। हालांकि, ट्रैक्टर चालक मौके से भागने में सफल हो गया।

जानकारी के अनुसार, दक्षिण बैतूल के वनमंडलाधिकारी एल.के. वासनिक और उपवनमंडलाधिकारी मुलताई संजय साल्वे के निर्देश पर वन परिक्षेत्र अधिकारी अतुल भोयर ने गश्ती दल का गठन किया था। दल को शनिवार रात मुरूम नाले के पास अवैध रेत खनन और परिवहन की सूचना मिली थी।

गश्ती दल ने रात करीब 8:15 बजे एक नीले रंग के सोनालिका ट्रैक्टर-ट्रॉली को रेत भरते देखा। वन अमले को देखते ही चालक संदीप कुमार, निवासी हिवरखेड़, वाहन सहित भागने लगा। वन विभाग ने सरकारी वाहन से पीछा किया, जिसके बाद चालक हिवरखेड़ के उत्क्रांति चौक पर ट्रैक्टर-ट्रॉली छोड़कर फरार हो गया।

भीड़भाड़ की स्थिति को देखते हुए, वाहन को पुलिस सहायता से मोर्शी थाने में सुरक्षित रखा गया। जांच में यह स्थान मध्य प्रदेश सीमा के भीतर बीट झुनकारी के कक्ष क्रमांक 592 में स्थित पाया गया। इसके बाद ट्रैक्टर-ट्रॉली को आठनेर वन परिक्षेत्र कार्यालय लाकर रेत सहित जब्त किया गया।

वन विभाग ने इस मामले में वन अपराध प्रकरण क्रमांक 648/93, दिनांक 07 नवंबर 2025 दर्ज किया है। यह प्रकरण भारतीय वन अधिनियम 1927 की धारा 2, 26(1)(छ), 41 एवं 52 के तहत पंजीबद्ध किया गया है। जब्त वनोपज का मूल्य लगभग ₹5535 आँका गया है।

इस कार्रवाई में वनपाल संतोष कुमरे, वनरक्षक अजित कौरव, देवकरण भारती, रामसिंह चौहान और राजेश बैगा की प्रमुख भूमिका रही।

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now

Leave a Comment