Betul Ki Khabar : बैतूल। जिले में अब ठंड ने पूरी तरह दस्तक दे दी है। पहाड़ी इलाकों से आ रही सर्द हवाओं ने तापमान को तेजी से नीचे गिरा दिया है। पिछले चार दिनों में बैतूल का न्यूनतम तापमान करीब 8 डिग्री सेल्सियस तक लुढ़क गया है। 4 नवंबर को जहां रात का तापमान 21.2 डिग्री था, वहीं 8 नवंबर को यह घटकर 13 डिग्री पर पहुंच गया। शनिवार को दर्ज न्यूनतम तापमान 13.0 डिग्री सेल्सियस रहा। रातों में चल रही बर्फीली हवाओं से लोगों को ठिठुरन का अहसास होने लगा है।
दिन में भी महसूस हो रही ठंडक
तापमान गिरने से अब दिन का अधिकतम पारा भी 26.5 डिग्री सेल्सियस के आसपास पहुंच गया है। सुबह और शाम के समय तेज़ हवा चलने से सर्दी का असर और बढ़ गया है। लोगों ने अलमारी से स्वेटर, शॉल और जैकेट निकाल लिए हैं। मौसम विभाग के अनुसार, उत्तर भारत के पर्वतीय क्षेत्रों में बर्फबारी शुरू होने के बाद आने वाले दिनों में ठंड और बढ़ने की संभावना है।
बाजारों में लौटी रौनक, बढ़ी जैकेट-शॉल की मांग
ठंड बढ़ते ही बैतूल के बाजारों में गर्म कपड़ों की बिक्री भी रफ्तार पकड़ने लगी है। गंज, कोठी बाजार और मुख्य चौक क्षेत्रों में दुकानों पर खरीदारों की भीड़ नजर आ रही है। व्यापारी नए डिजाइन और ट्रेंड के ऊनी कपड़े प्रदर्शित कर रहे हैं। महिलाएं आकर्षक शॉल और स्टॉल पसंद कर रही हैं, जबकि युवाओं में ट्रेंडी हुडी और जैकेट की मांग अधिक है। बच्चों के लिए कार्टून प्रिंट वाले ऊनी वस्त्र भी खूब बिक रहे हैं।
स्थानीय व्यापारियों का कहना है कि इस बार ठंड जल्दी शुरू हो गई है, इसलिए ग्राहकों की आवाजाही पिछले सालों की तुलना में ज्यादा है। मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक आने वाले हफ्तों में तापमान और गिर सकता है, जिससे ठंड का असर और तेज़ महसूस होगा।






