Betul Samachar: किसानों की समस्याओं को लेकर आमला में कांग्रेस का हल्लाबोल, सीएम मोहन यादव का पुतला दहन

On: November 9, 2025 7:22 AM
Follow Us:

Betul Samachar:बैतूल/आमला। शनिवार को आमला जनपद चौक पर मध्य प्रदेश किसान कांग्रेस ब्लॉक आमला के नेतृत्व में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने किसानों की विभिन्न समस्याओं को लेकर जोरदार प्रदर्शन किया। इस दौरान मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव का पुतला दहन कर किसानों ने अपनी नाराजगी जताई। प्रदर्शन के बाद कांग्रेसजनों ने तहसीलदार रिचा कौरव को राज्यपाल के नाम दस सूत्रीय ज्ञापन सौंपा।

प्रदर्शन में कांग्रेस के कई विंग शामिल

इस विरोध प्रदर्शन में किसान कांग्रेस के साथ ब्लॉक कांग्रेस, महिला कांग्रेस, यूथ कांग्रेस और सेवा दल के कार्यकर्ता व पदाधिकारी बड़ी संख्या में मौजूद रहे। कार्यक्रम में पूर्व जिला कांग्रेस अध्यक्ष हेमंत वागदरे, विधानसभा चुनाव प्रत्याशी मनोज मालवी, ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष मनोज देशमुख और नगर पालिका अध्यक्ष नितिन गाडरे जैसे वरिष्ठ नेताओं ने भाग लिया।

किसानों की मुख्य मांगें

किसान कांग्रेस के ब्लॉक अध्यक्ष रविकांत उघड़े और जिला अध्यक्ष जगदीश कोचरे के नेतृत्व में सौंपे गए ज्ञापन में कई प्रमुख मांगें रखी गईं। इनमें पीला मोजैक से प्रभावित सोयाबीन फसलों का सर्वे कर शीघ्र मुआवजा और बीमा राशि प्रदान करने, मक्का की फसल को समर्थन मूल्य पर खरीदे जाने, अतिवृष्टि से प्रभावित फसलों का मुआवजा देने तथा रबी फसलों के लिए 10 घंटे नियमित बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने की मांग शामिल रही।

अन्य मुद्दे भी उठाए गए

किसानों ने उद्यानिकी फसलों—आलू, मटर, भिंडी, गोभी आदि—को बीमा योजना में शामिल करने, विपणन समिति आमला से यूरिया की नियमित आपूर्ति शुरू करने और उपमंडी आमला में शीघ्र सब्जी मंडी प्रारंभ करने की भी मांग की।
साथ ही, गन्ना खरीदी का मूल्य ₹400 प्रति क्विंटल करने, ‘मां की बगिया’ योजना के तहत मजदूरी भुगतान सीधे किसानों के खातों में जमा करने, बिजली विभाग के कर्मचारियों दिलीप झरबड़े व सुनील शर्मा के तबादले रद्द करने और किसानों के खेतों तक पहुंचने वाले रास्तों के निर्माण को मंजूरी देने की अपील की गई।

प्रशासन बना रहा मूकदर्शक

प्रदर्शन के दौरान पुलिस बल मौके पर मौजूद था, लेकिन पुतला दहन के समय प्रशासन ने केवल प्रतीकात्मक रूप से पानी डालकर आग बुझाने का प्रयास किया। प्रदर्शन शांतिपूर्ण रहा, लेकिन किसानों ने चेतावनी दी कि यदि उनकी मांगें जल्द नहीं मानी गईं तो वे आंदोलन को और व्यापक रूप देंगे।

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now

Leave a Comment