Betul News: बैतूल। शनिवार तड़के बैतूल-इंदौर हाईवे पर एक दर्दनाक हादसा हो गया। उज्जैन से गोंदिया जा रही स्कॉर्पियो कार भादुस गांव के पास अचानक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे लगी रेलिंग से टकरा गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि रेलिंग कार को आर-पार चीरती हुई निकल गई। घटना सुबह करीब 6:10 बजे की बताई जा रही है।
घायलों की हालत स्थिर
हादसे के वक्त वाहन में कुल सात लोग सवार थे, जिनमें से तीन गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी को तत्काल जिला अस्पताल बैतूल में भर्ती कराया गया, जहां उनकी हालत फिलहाल खतरे से बाहर बताई जा रही है। घायलों की पहचान राकेश भावूलाल (मांदेस्वर, भंडारा), गौरव सेंडे (आमगांव, धुले) और अक्षय गिरी (गोंदिया) के रूप में हुई है।
CISF जवान ने दिखाई तत्परता
दुर्घटना के समय केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (CISF) में पदस्थ चेतन कुंभारे वहां से गुजर रहे थे। उन्होंने घायलों को सड़क पर तड़पता देख तुरंत 108 एंबुलेंस और 112 पुलिस हेल्पलाइन पर सूचना दी। उनकी तत्परता से एंबुलेंस कुछ ही देर में मौके पर पहुंची और घायलों को सुरक्षित अस्पताल पहुंचाया गया।
ड्राइवर को आई नींद की झपकी का शक
प्रारंभिक जांच में पुलिस को आशंका है कि ड्राइवर को नींद की झपकी आने से उसने वाहन पर से नियंत्रण खो दिया, जिसके चलते यह हादसा हुआ। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर स्कॉर्पियो को सड़क से हटवाकर यातायात बहाल किया।
स्थानीय लोगों ने भी की मदद
घटना के बाद आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और राहत कार्य में सहयोग किया। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।






