Betul News: बैतूल जिले के विनोबा वार्ड स्थित श्री पार्श्वनाथ दिगंबर जैन मंदिर में हुई चोरी की गुत्थी को गंज पुलिस ने सुलझा लिया है। पुलिस ने इस मामले में एक अपचारी बालक को हिरासत में लेकर उससे ₹10,090 नकद बरामद किए हैं।
31 अक्टूबर की रात मंदिर में हुई थी चोरी
मंदिर में चोरी की घटना 31 अक्टूबर की रात को हुई थी। अगली सुबह जब फरियादी सुनील जैन मंदिर पहुंचे तो उन्होंने देखा कि भगवान पार्श्वनाथ की मूर्ति के पीछे का दरवाजा खुला है और दान पेटी गायब है। बाद में दान पेटी मंदिर की दूसरी मंजिल पर टूटी हालत में मिली, जिसमें से सारा पैसा गायब था।
फरियादी ने अनुमान लगाया कि लगभग ₹50,000 की राशि चोरी हुई है। इसके बाद गंज थाना पुलिस ने अपराध क्रमांक 409/25 के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
मुखबिर की सूचना पर पकड़ा गया आरोपी
डीएसपी सैफा हाशमी के निर्देशन में पुलिस टीम ने मुखबिरों को सक्रिय किया। जानकारी मिली कि चोरी में शामिल आरोपी ओझाढाना क्षेत्र में घूम रहा है। टीम ने मौके पर दबिश दी और एक अपचारी बालक को पकड़ लिया। पूछताछ में उसने मंदिर से चोरी करना स्वीकार किया।
उसकी निशानदेही पर पुलिस ने चोरी की गई रकम में से ₹10,090 बरामद कर ली। पुलिस का कहना है कि शेष राशि आरोपी द्वारा खर्च कर दी गई थी।
न्यायालय में पेश किया गया आरोपी
बालक को विधि-विरुद्ध कृत्य करने के आरोप में न्यायालय में पेश किया गया, जहां से आगे की कार्यवाही की जा रही है।
पुलिस टीम की भूमिका
इस कार्रवाई में डीएसपी सैफा हाशमी, निरीक्षक आबिद अंसारी, सउनि किशोरीलाल सल्लाम, प्रधान आरक्षक रामदास, मयूर, सीताराम, तथा आरक्षक अनिरुद्ध, नवीन रघुवंशी, सुरेंद्र, गंजानंद, शिवशंकर देवड़ा और नरेंद्र की अहम भूमिका रही।
गंज पुलिस ने कहा है कि धार्मिक स्थलों में सुरक्षा को लेकर गश्त और निगरानी और अधिक बढ़ाई जाएगी ताकि भविष्य में ऐसी घटनाएं दोबारा न हों।






