Betul News: मुलताई हत्याकांड में पुलिस की बड़ी कार्रवाई, नागपुर से दो फरार आरोपी धराए – सातों आरोपी गिरफ्तार

On: November 7, 2025 6:55 AM
Follow Us:

Betul News: मुलताई। बहुचर्चित आदित्य टेकाम हत्याकांड में पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल की है। लंबे समय से फरार चल रहे दो आरोपियों को नागपुर से गिरफ्तार कर लिया गया है। इस तरह मामले में शामिल सभी सात आरोपियों को पुलिस ने पकड़ लिया है, जिनमें से तीन नाबालिग हैं।

थाना प्रभारी नरेंद्र सिंह परिहार ने बताया कि घटना के बाद पुलिस टीम लगातार फरार आरोपियों की तलाश में दबिशें दे रही थी। गुरुवार को टीम को सफलता मिली और दोनों फरार आरोपी नागपुर से गिरफ्तार कर मुलताई लाए गए। इनमें 22 वर्षीय नितिन पिता भूपेन्द्र सोनी, निवासी शास्त्री वार्ड, मुलताई, और करीब 17 वर्षीय नाबालिग अपचारी शामिल हैं। दोनों को न्यायालय में पेश कर पुलिस अभिरक्षा में भेज दिया गया है।

पहले ही पांच आरोपी हो चुके थे गिरफ्तार

इससे पहले पुलिस ने मुख्य नाबालिग आरोपी सहित पांच अन्य युवकों को गिरफ्तार कर लिया था। इनमें कक्षा 11वीं में पढ़ने वाला एक नाबालिग, 19 वर्षीय राहुल उर्फ करण उर्फ धोपाडे पवार, 18 वर्षीय शुभम उर्फ टिक्कू मंसूरे, 21 वर्षीय शिवम मंसूरे, और तिलक वार्ड का एक अन्य नाबालिग अपचारी शामिल हैं। सभी को न्यायालय में पेश कर रिमांड पर भेजा जा चुका है।

पुलिस जांच के अनुसार, सातों आरोपियों ने मिलकर आदित्य टेकाम की हत्या की योजना बनाई थी। विवाद के दौरान मुख्य नाबालिग आरोपी ने चाकू से हमला किया, जिससे आदित्य की मौके पर ही मौत हो गई थी।

थाना प्रभारी परिहार ने बताया कि अब सभी आरोपी पुलिस की गिरफ्त में हैं और मामले की जांच अंतिम चरण में है। जल्द ही अदालत में चार्जशीट दाखिल की जाएगी।

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now

Leave a Comment