Betul Ki Khabar: बैतूल। जिले के बीजादेही थाना क्षेत्र के वन ग्राम कुप्पा में गुरुवार को उस समय हड़कंप मच गया जब ग्रामीणों को खेतों में तीन बम गिरने की सूचना मिली। बताया जा रहा है कि यह बम खेतों में काम कर रहे किसानों के पास गिरे, जिससे इलाके में अफरातफरी का माहौल बन गया।
यह घटना ताकू प्रूफ रेंज के पास घटित हुई, जो वीर गोवारी गांव से लगभग 10 किलोमीटर आगे स्थित है। जहां बम गिरे, वह स्थान प्रूफ रेंज से करीब 15 किलोमीटर सड़क मार्ग से और लगभग 7 किलोमीटर हवाई दूरी पर बताया जा रहा है।
धमाके की आवाज इतनी तेज थी कि आसपास के गांवों में भी लोगों ने झटका महसूस किया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, खेत में जुताई कर रहे किसान कुछ ही दूरी पर थे। एक बम मिट्टी में जा धंसा और उसके फटने से आसपास की जमीन उखड़ गई। ग्रामीणों में भय और असमंजस का माहौल है।
स्थानीयों ने जताई चिंता, प्रशासन से सुरक्षा बढ़ाने की मांग
ग्रामीणों का कहना है कि ताकू प्रूफ रेंज बनने के बाद से अब तक ऐसी घटना कभी नहीं हुई। हांडीपानी पंचायत सहित आसपास के गांवों में लोग अब खेतों में काम करने से डर रहे हैं।
भौरा मंडल अध्यक्ष विवेक सिंह ठाकुर ने बताया कि उन्होंने घटना की जानकारी बीजादेही थाना पुलिस को दी, हालांकि थाना प्रभारी से संपर्क नहीं हो सका।
वहीं, बैतूल एसपी वीरेंद्र जैन और एएसपी कमला जोशी ने बताया कि उन्हें घटना की अभी तक कोई औपचारिक सूचना नहीं मिली है। एसडीओपी मयंक तिवारी के अनुसार, शाहपुर से पुलिस बल मौके के लिए रवाना कर दिया गया है।
कुप्पा गांव के निवासी मधु कुमार यादव ने कहा कि “धमाका इतना तेज था कि लोग घबराकर खेतों की ओर भागने लगे। कई घरों में दरवाजे तक हिल गए।” ग्रामीणों ने प्रशासन से इलाके में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी करने और प्रूफ रेंज के अभ्यास की निगरानी बढ़ाने की मांग की है।






