Betul Ki Khabar : स्टेशन मास्टरों पर बढ़ते कार्यदबाव को लेकर भारतीय यात्री केंद्र ने जताई गंभीर चिंता

On: November 6, 2025 7:09 AM
Follow Us:

Betul Ki Khabar : बैतूल/नागपुर। रेलवे के स्टेशन मास्टरों पर लगातार बढ़ते काम के बोझ और तनावपूर्ण ड्यूटी को लेकर भारतीय यात्री केंद्र (पंजीकृत) ने गहरी चिंता व्यक्त की है। संस्था के सचिव बसंत कुमार शुक्ला ने इस संबंध में मुख्य श्रम आयुक्त (क्षेत्रीय), नागपुर को एक विस्तृत ज्ञापन भेजा है, जिसमें स्टेशन मास्टरों की कार्य स्थितियों को सुधारने की मांग की गई है।

पूर्व यूनियन अध्यक्ष ने उठाई आवाज

नेशनल रेलवे मजदूर यूनियन, बैतूल के पूर्व अध्यक्ष वी.के. पालीवाल ने बताया कि ज्ञापन में स्टेशन मास्टरों पर हो रहे अत्यधिक कार्यदबाव को मानवाधिकारों का उल्लंघन बताया गया है। उन्होंने कहा कि निरंतर ड्यूटी और लंबे कार्यघंटों के कारण कर्मचारियों का मानसिक तनाव बढ़ रहा है। इस मुद्दे पर राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग ने भी संज्ञान लेते हुए रेल प्रशासन और मुख्य श्रम आयुक्त (नई दिल्ली) को चार सप्ताह में रिपोर्ट पेश करने के निर्देश दिए हैं।

रेल सुरक्षा पर भी मंडरा रहा खतरा

भारतीय यात्री केंद्र का कहना है कि स्टेशन मास्टर रेल संचालन की रीढ़ हैं। उन पर अत्यधिक कार्यभार न केवल उनके स्वास्थ्य को प्रभावित कर रहा है, बल्कि ट्रेन संचालन की सुरक्षा पर भी प्रतिकूल असर डाल सकता है। संस्था ने चेतावनी दी कि अगर हालात नहीं सुधरे तो मामूली चूक भी बड़े हादसे का कारण बन सकती है।

ज्ञापन में चार मुख्य सुझाव रखे गए

  1. रेलवे प्रशासन इस मामले की गंभीर जांच कर शीघ्र समाधान करे।
  2. स्टेशन मास्टर्स और अन्य कर्मचारियों पर काम का दबाव कम करने के उपाय किए जाएं।
  3. प्रशासन की कार्रवाई की प्रगति सार्वजनिक की जाए।
  4. श्रम कानूनों की अनदेखी करने वाले अधिकारियों पर सख्त कार्रवाई की जाए।

बसंत कुमार शुक्ला ने कहा कि यदि रेलवे इन सुझावों पर गंभीरता से कदम उठाता है, तो इससे न केवल कर्मचारियों की कार्य परिस्थितियों में सुधार होगा बल्कि रेल यात्रियों की सुरक्षा और सेवा की विश्वसनीयता भी मजबूत होगी। ज्ञापन की प्रतिलिपि रेलवे बोर्ड, महाप्रबंधक मध्य रेल और मंडल रेल प्रबंधक नागपुर को भी भेजी गई है।

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now

Leave a Comment