Betul News: 7 नवंबर को बैतूल में अंडर-22 संभाग स्तरीय क्रिकेट टीम का चयन, युवा खिलाड़ियों में उत्साह

On: November 5, 2025 9:50 AM
Follow Us:

Betul News: बैतूल। जिला क्रिकेट संघ द्वारा आगामी 7 नवंबर 2025 को अंडर-22 संभाग स्तरीय क्रिकेट टीम के चयन की प्रक्रिया आयोजित की जाएगी। चयन ट्रायल दोपहर 3 बजे डॉन बास्को स्कूल कैंपस ग्राउंड में होगा, जिसमें जिलेभर के युवा क्रिकेटर अपनी प्रतिभा दिखा सकेंगे।

जिला क्रिकेट संघ के सचिव अनिल दीक्षित ने बताया कि ट्रायल में वही खिलाड़ी भाग ले सकेंगे, जिनका जन्म 1 सितंबर 2003 या उसके बाद हुआ है। खिलाड़ियों को अपनी जन्मतिथि प्रमाण-पत्र और आधार कार्ड साथ लाना अनिवार्य होगा, ताकि आयु की पुष्टि की जा सके।

ग्रामीण इलाकों से भी खिलाड़ी होंगे शामिल

इस चयन प्रक्रिया में बैतूल जिले की सभी तहसीलों — मुलताई, भैंसदेही, आमला, घोड़ाडोंगरी, शाहपुर और सारनी — के ग्रामीण खिलाड़ी भी भाग ले सकेंगे। अधिक जानकारी के लिए इच्छुक खिलाड़ी जिला क्रिकेट संघ के कोच मोइज़ मंसूरी से संपर्क कर सकते हैं।

रजिस्ट्रेशन जरूरी, उत्कृष्ट खिलाड़ियों को मिलेगा बड़ा मौका

जिला क्रिकेट संघ के कार्यकारी अध्यक्ष डॉ. नितिन देशमुख ने बताया कि चयनित खिलाड़ियों के लिए नर्मदापुरम बोर्ड के निर्देशानुसार रजिस्ट्रेशन फॉर्म भरना अनिवार्य रहेगा। चयन के बाद टीम का मुकाबला हरदा और नर्मदापुरम की टीमों से कराया जाएगा।

संघ के अधिकारियों का कहना है कि इस बार चयन को लेकर जिलेभर के क्रिकेट प्रेमी युवाओं में जबरदस्त उत्साह देखने को मिल रहा है। उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को आगे चलकर संभाग स्तरीय टीम में स्थान पाने का अवसर मिलेगा, जो उन्हें मध्यप्रदेश टीम तक पहुंचने का रास्ता खोल सकता है।

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now

Leave a Comment