Betul Ki Khabar: मुलताई। कार्तिक पूर्णिमा के पावन अवसर पर बुधवार को ताप्ती सरोवर श्रद्धालुओं की आस्था से सराबोर रहा। सुबह होते ही हजारों लोगों ने पवित्र ताप्ती में स्नान कर पुण्य अर्जित किया। इस मौके पर पारंपरिक ताप्ती मेला भी विधिवत रूप से आरंभ हो गया, जिसमें जिले सहित महाराष्ट्र से आए श्रद्धालुओं ने बड़ी संख्या में भाग लिया।
सुबह से उमड़ी भीड़, गूंजे जयकारे
मंगलवार रात से ही श्रद्धालुओं का ताप्ती तट की ओर रुख शुरू हो गया था। तड़के चार बजे से सरोवर में स्नान का सिलसिला शुरू हुआ, जो सुबह तक जारी रहा। सूरज की पहली किरणों के साथ पूरा इलाका ‘जय ताप्ती माता’ के जयघोषों से गूंज उठा।
ताप्ती मेले में रौनक, दुकानों पर लगी भीड़
राम मंदिर मैदान में पारंपरिक ताप्ती मेले का शुभारंभ भी किया गया। मेले में दूर-दराज से आए व्यापारी और स्थानीय दुकानदार अपनी-अपनी दुकानें सजा कर पहुंचे हैं। नगर पालिका द्वारा श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए पेयजल, प्रकाश व्यवस्था और सफाई जैसी विशेष व्यवस्थाएं की गई हैं।
सुरक्षा के कड़े इंतजाम
श्रद्धालुओं की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए ताप्ती तट पर गोताखोर और नगर पालिका के कर्मचारी तैनात किए गए हैं। महिलाओं के लिए अलग चेंजिंग रूम बनाए गए हैं। थाना प्रभारी नरेंद्र सिंह परिहार के अनुसार, बोरदेही और आमला से अतिरिक्त पुलिस बल बुलाया गया है ताकि भीड़ के बीच व्यवस्था बनी रहे। अधिकारी लगातार स्थल पर स्थिति का जायजा ले रहे हैं।
भंडारे और प्रसादी से महका वातावरण
धार्मिक माहौल को और पावन बनाते हुए विभिन्न सामाजिक और धार्मिक संगठनों ने नि:शुल्क भंडारे लगाए। बस स्टैंड, गजानन मंदिर परिसर और स्टेशन रोड पर भक्तों को प्रसादी वितरित की गई। गायत्री मंदिर के पास तड़के चाय और खीर का वितरण हुआ, वहीं दिनभर पोहा, हलवा और पूरी-सब्जी का प्रसाद श्रद्धालुओं को मिलता रहा।
गुरुनानक जयंती पर निकली निशान यात्रा
कार्तिक पूर्णिमा के साथ ही गुरुनानक जयंती का पर्व भी उल्लास से मनाया गया। सिख समाज ने सुबह 5 बजे ऐतिहासिक गुरुद्वारे से संकीर्तन निशान यात्रा निकाली, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए। यात्रा नगर के प्रमुख मार्गों से होते हुए गुरुद्वारे में संपन्न हुई।






